छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले की एक युवती से पहले आंध्र प्रदेश और फिर हरियाणा में रेप हुआ

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले की एक युवती से पहले आंध्र प्रदेश और फिर हरियाणा में रेप हुआ है। उसके पहचान का ही एक युवक उसे कोर्ट में किसी लड़की की गवाही की जरूरत है कहकर अपने साथ ले गया था। इस दौरान वापस नहीं आने पर युवती के पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने युवती को हरियाणा से बरामद किया। वहीं आरोपी नेपाल के युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला गीदम थाना क्षेत्र का है।

अब सिलसिलेवार समझिए, कैसे हुई वारदात

आरोपी दिनेश राजपूत (27) नेपाल के विराट नगर का रहने वाला है। कुछ समय पहले आंध्र प्रदेश में मजदूरी का काम किया। फिर वहां से बीजापुर जिले के भैरमगढ़ आ गया था। यहां भी मजदूरी का काम कर रहा था।

वहीं दंतेवाड़ा जिले के एक गांव में किसी परिवार के साथ इसकी जान पहचान हुई थी। उस परिवार में इसका आना-जाना लगा रहता था। उस परिवार की 18 साल की लड़की से भी इसने बातचीत शुरू की। उसने उसे भरोसे में लिया।

लड़की से बोला- गवाही देकर लौट आएंगे

उससे कहा कि मेरा एक केस आंध्र प्रदेश के वारंगल में चल रहा है। वहां एक लड़की की गवाही चाहिए। गवाही दिलाकर लौट आएंगे। लड़की इसकी बात मान ली। फिर 12 जुलाई 2025 को इसके साथ चली गई। युवक उसे वारंगल लेकर गया।

जहां बस स्टैंड के पास में ही स्थित एक लॉज में दोनों रुके। युवक ने पहले यहां उससे दुष्कर्म किया। फिर इसे किसी तरह दिल्ली लेकर चला गया। दिल्ली में यहां- वहां घुमाया। फिर दिल्ली से हरियाणा के पानीपत लेकर गया।

यहां रेलवे स्टेशन के नजदीक एक लॉज में रुके। यहां भी उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। जब युवती ने उसे रोका तो उसने गुस्से में आकर मारपीट की। युवती के दोनों गालों पर जमकर थप्पड़ मारे। फिर बार-बार रेप किया।

अब जानिए पुलिस ने कैसे पकड़ा

युवती 12वीं पास है। पानीपत में ही वह किसी तरह से रूम से बाहर निकली। किसी दूसरे के नंबर से अपने चाचा को फोन किया और पूरी घटना के बारे में बताया। फिर वह पानीपत के ही पुलिस थाने पहुंची और मामले के बारे में जानकारी दी।

परिजनों ने दर्ज करवाई थी FIR

इससे पहले 16 जुलाई 2025 को युवती के परिजनों ने गीदम थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। वहीं SP गौरव राय के निर्देश में गीदम पुलिस की एक टीम गठित की गई। टीम को पानीपत भेजा गया। जहां से युवती को बरामद किया गया।

युवक को भेजा गया जेल

युवक को गिरफ्तार कर दंतेवाड़ा जिला लाया गया। गीदम थाना प्रभारी विजय पटेल ने कहा कि, युवती के बयान के आधार पर FIR दर्ज की गई है। युवक को जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version