छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शादी का झांसा देकर युवती से रेप का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शादी का झांसा देकर युवती से रेप का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती से सोशल मीडिया पर दोस्ती की। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी तो मुलाकात भी होने लगी। आरोपी उसे अपने घर ले गया जहां उससे शारीरिक संबंध बनाए।

मामला फरसाबहार थाना क्षेत्र का है। बात शादी तक पहुंच गई। दोनों इस दौरान कई बार मिले। जब युवती प्रेग्नेंट हो गई तो आरोपी ने उसे दवाई खिलाकर गर्भपात करवा दिया। इसके बाद भी कई बार रेप किया और शादी करने से मना कर दिया। पुलिस ने आरोपी तुलेश्वर राम (19 साल) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दिल्ली में काम करती थी युवती

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह 2024 में दिल्ली में काम करती थी। वहां इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी तुलेश्वर राम से पहचान हुई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और 8 सितंबर 2024 को वे पहली बार रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर मिले। इसके बाद आरोपी उसे अपने घर फरसाबहार ले गया। वहां शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

10 सितंबर को आरोपी पीड़िता के कुनकुरी स्थित घर भी गया। इसके बाद दोनों के बीच लगातार आना-जाना होता रहा। आरोपी शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई।

11 जुलाई 2025 को आरोपी ने दवा देकर उसका गर्भपात करा दिया। 28 जुलाई 2025 को भी आरोपी ने फिर से उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने विवाह की बात दोहराई, तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया।

पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 89 लगाया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है।

Exit mobile version