कांग्रेस की महिला सांसदों के असंसदीय आचरण से छत्तीसगढ़ शर्मिन्दा और लोकतंत्र कलंकित हुआ है : शालनी राजपूत

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कांग्रेस की महिला सांसदों के असंसदीय आचरण पर पर्दा डालते मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ख़ुद झूठ फैलाकर अपनी ओछी राजनीतिक मानसिकता का प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय और संसद सदस्य सुनील सोनी ने कांग्रेस की महिला सांसदों के आचरण को लेकर वही सच बयान किया है, जो आईने की तरह साफ़-साफ़ देश ने देखा है। श्रीमती राजपूत ने कहा कि झूठ की सियासत करते मुख्यमंत्री बघेल स्वयं इतने दिग्भ्रमित हो चले हैं कि अब वे सच का सामना करने की स्थिति में नज़र नहीं आ रहे हैं।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती राजपूत ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस और सरकार के लोगों को लगातार भ्रम फैलाकर झूठ का रायता फैलाने की बुरी लत लगी हुई है, लेकिन कांग्रेस यह न भूले कि झूठ के पाँव नहीं होते और झूठ की राजनीति के चलते जिस कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को सुप्रीम कोर्ट में माफ़ी मांगनी पड़ी हो, हर मुद्दे पर ओछी राजनीति करती उस कांग्रेस के राजनीतिक चरित्र की काली सच्चाई से न केवल छत्तीसगढ़, अपितु पूरा देश वाक़िफ़ है। इसलिए प्रदेश कांग्रेस और सरकार के लोग पहले अपने गिरेबाँ में झाँकें और अपने असंसदीय आचरण पर पर्दा डालकर संसदीय आचरण का ज्ञान और प्रमाणपत्र बाँटना बंद करें। श्रीमती राजपूत ने कहा कि महिला प्रताड़ना को भाजपा की संस्कृति बताते मुख्यमंत्री बघेल पहले अपनी कांग्रेस के कलंकपूर्ण राजनीतिक चरित्र के बारे में अपना ज्ञान बढ़ा लें। जिस कांग्रेस की संस्कृति ही किसी महिला को तंदूर में भून डालने की रही है, वह पार्टी और उसके लोग महिला सम्मान की बात किस मुँह से कर रहे हैं?

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती राजपूत ने कहा कि आज महिलाओं के सम्मान को लेकर मुख्यमंत्री बघेल की खोखली फ़िक्र से बड़ा और कोई मज़ाक क्या हो सकता है? श्रीमती राजपूत ने कहा कि नक़ली अश्लील सीडी प्रसारित करने के अपराध में जो ख़ुद चार्जशीटेड हैं और ज़मानत पर ज़ेल से बाहर हैं, उन मुख्यमंत्री बघेल के मुँह से महिला सम्मान की बातें क़तई शोभा नहीं देतीं और उन्हें कांग्रेस की महिला सांसदों के आचरण को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष साय व भाजपा सांसद सोनी को किसी तरह का प्रमाणपत्र व ज्ञान बाँटने का कोई अधिकार भी नहीं है। श्रीमती राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल और कांग्रेस के लोग लाख जतन करके भी अपनी सांसदों के असंसदीय आचरण पर पर्दा नहीं डाल सकेंगे क्योंकि पूरे देश ने देखा है कि कांग्रेस की छत्तीसगढ़ की दोनों महिला सांसदों ने संसद में संसदीय गरिमा को तार-तार करने का काम किया है। कांग्रेस की दोनों महिला सांसदों ने संसद में जैसी हरक़त की, जिस तरह अपने पुरुष साथियों के साथ मिलकर महिला मार्शलों पर शारीरिक हमले किए, उसने छत्तीसगढ़ को शर्मिन्दा किया है, लोकतंत्र को कलंकित किया है।