
लेकिन इसके बाद अगले 2 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। प्रदेश में शुक्रवार को मौसम पूरी तरह ड्राई रहा। कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। अधिकतम तापमान की बात करें तो रायपुर में सबसे अधिक 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल कोई एक्टिव सिस्टम नहीं है। अगले 24 घंटे में भी पूरे क्षेत्र में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
फरवरी, ठंड के लौटने का माह
रायपुर की बात करें तो जनवरी की तरह फरवरी महीने में भी आसमान आमतौर पर साफ बना रहता है और सतही हवाएं हल्की रहती हैं। हालांकि उत्तर भारत से गुजरने वाले वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से कभी-कभार मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
इस दौरान बादल छाने के साथ गरज-चमक और बारिश की स्थिति बनती हैं। कुछ मौकों पर आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाएं भी चलती हैं। सर्दियों का असर कम होते ही न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगता है।
कुछ स्थितियों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे भी चला जाता है। इसके साथ ही कुछ वर्षों में फरवरी महीने में अच्छी बारिश भी रिकॉर्ड की गई है।
रायपुर में 1893 को पड़ी थी सबसे ज्यादा ठंड
रायपुर में फरवरी महीने में अब तक की सबसे ज्यादा ठंड 9 फरवरी 1893 को पड़ी थी। उस दिन तापमान सिर्फ 5 डिग्री तक गिर गया था। वहीं सबसे ज्यादा गर्म दिन 28 फरवरी 2009 रहा, जब तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया था।
यानी फरवरी में भी कभी-कभी मई जैसी गर्मी पड़ सकती है। 4 फरवरी 1917 को सिर्फ 24 घंटे में 57.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। यह फरवरी के लिहाज से बहुत ज्यादा बारिश मानी जाती है। इसके अलावा 1901 में फरवरी महीने के दौरान कुल 118.9 मिमी बारिश हुई थी।