
जानकारी के मुताबिक ग्राम सारसमार निवासी ललकूराम उरांव (75) सुबह किसी काम से जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे कक्ष क्रमांक 149 के रिजर्व फॉरेस्ट क्षेत्र में पहुंच गए, जहां उनका सामना एक हाथी से हो गया।
हाथी ने बुजुर्ग को दौड़ाकर अपनी सूंड से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर हाथी कुछ देर बाद जंगल की ओर लौट गया। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी।
अस्पताल में भर्ती, परिवार को मिली सहायता
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल ललकूराम को तुरंत इलाज के लिए पत्थलगांव के अस्पताल में भर्ती कराया। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को तत्कालिक सहायता राशि भी प्रदान की है।
इलाके में 15 हाथियों का दल सक्रिय
वन विभाग के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से बाकारूमा रेंज के जंगलों में 7 हाथियों का दल घूम रहा था। मंगलवार रात पत्थलगांव की ओर से 8 और हाथी इस इलाके में पहुंच गए।
इस तरह क्षेत्र में करीब 15 हाथियों के दो अलग-अलग झुंड मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से एक हाथी दल से अलग होकर इधर-उधर घूम रहा है और संभवतः उसी ने बुजुर्ग पर हमला किया।
ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
बाकारूमा रेंजर विष्णु मरावी ने बताया कि, हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए प्रभावित गांवों में मुनादी कराई जा रही है। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुबह-शाम जंगल की ओर जाने से बचें और सावधानी बरतें।