रायगढ़ जिले में एक युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया, फिर उसे डराकर पैसे वसूलने लगा

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले में एक युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया, फिर उसे डराकर पैसे वसूलने लगा। इंस्टाग्राम पर दोनों की दोस्ती हुई थी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, 17 वर्षीय नाबालिग ने महिला थाने रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि सारंगढ़ निवासी उद्धव दास महंत (21) जूटमिल क्षेत्र के बाजीनपाली में किराए के मकान में रहता था। दोनों की पहचान पहले रिश्तेदारी में हुई थी, जिसके बाद इंस्टाग्राम के जरिए बातचीत शुरू हुई।

26 जनवरी को आरोपी उसके स्कूल के पास पहुंचा और उसे घुमाने के बहाने बाइक से अपने किराए के मकान ले गया, जहां उसने जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया और किसी को बताने पर धमकी दी।

धमकाकर 10 हजार रुपए भी ऐंठे

घटना के बाद 11 मार्च को आरोपी पीड़िता के घर के पास पहुंचा और उसे डराते-धमकाते हुए 10 हजार रुपए की मांग की। डर के कारण नाबालिग ने किसी तरह रुपए की व्यवस्था कर उसे दे दिए, लेकिन बाद में इसकी जानकारी परिजनों को हो गई। पूछताछ में पीड़िता ने पूरी घटना बताई।

आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

परिजनों की सलाह पर पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामले को छिपाए नहीं, पुलिस को जानकारी दें- एसपी

इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध बेहद गंभीर हैं। इनमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों को छिपाएं नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version