छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के भानपुरी में तेज रफ्तार ट्रक ने फल खरीद रहे हेडमास्टर को रौंद दिया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के भानपुरी में तेज रफ्तार ट्रक ने फल खरीद रहे हेडमास्टर को रौंद दिया। हादसे में हेडमास्टर का शरीर 3 टुकड़ों में बंट गया, जबकि 4 लोग घायल हैं। हादसा सोमवार देर रात हुआ। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मामला भानपुरी थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, भानपुरी मुख्य चौक में सोमवार रात साप्ताहिक बाजार के चलते भीड़भाड़ थी। इसी दौरान लोहंडीगुड़ा की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक महिला को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने सड़क किनारे फल खरीद रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में भानपुरी निवासी मुंडागांव स्कूल के हेड मास्टर जीवराखन कोसमा (61) की मौके पर ही मौत हो गई।

महिला को बचाने की कोशिश में बिगड़ा संतुलन

स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक ड्राइवर ने सड़क पार कर रही एक महिला को बचाने की कोशिश की, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और फल दुकानों के पास खड़े लोगों को कुचलते हुए सड़क किनारे जा घुसा।

4 लोग घायल, अस्पताल में भर्ती

इस हादसे में 4 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल भानपुरी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सूचना मिलते ही भानपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, मामले की जांच शुरू कर दी है।

पूर्व विधायक ने उठाए सवाल

पूर्व विधायक चंदन कश्यप ने हादसे पर नाराजगी जताते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि, इस चौक पर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस जवानों की तैनाती की मांग कई बार की गई थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया, जिसका परिणाम आज एक शिक्षक की मौत के रूप में सामने आया।

Exit mobile version