
इस दौरान हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं और निगम अधिकारियों के बीच बवाल भी हुआ। कार्यकर्ताओं ने सब्बल से मूर्ति तोड़े जाने का विरोध किया और जोन आयुक्त के खिलाफ FIR की मांग को लेकर थाने के बाहर 3 घंटे तक धरना दिया। कार्रवाई नहीं करने पर पुलिस से जमकर बहस भी की। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
मूर्ति किसने स्थापित की, जानकारी नहीं
भिलाई हिंदू संगठन के पदाधिकारी अविरल सिंह ने कहा कि गार्डन में कोने में खाली जगह थी, वहां हनुमान जी की मूर्ति लगी थी। मूर्ति किसी ने भी स्थापित की होगी, लेकिन उसे खंडित करना गलत है। थाने में 4 घंटे के बाद सीएसपी हमसे मिलने आए, इसलिए हंगामा हुआ था।
हनुमान जयंती के कारण मांगा समय
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के मुताबिक, हनुमान जयंती के चलते उन्होंने मूर्ति हटाने के लिए 24 घंटे का समय मांगा था, जिसकी जानकारी लिखित में निगम को दी गई थी। इसके बावजूद कार्रवाई किए जाने से संगठन के लोग नाराज हो गए।
निगम भी करेगा कार्रवाई
भिलाई नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी तिलेश्वर साहू का कहना है कि, यह मूर्ति रात के वक्त अचानक रख दी गई थी। जिसे हटाने के लिए टीम पहुंची हुई थी।
निगम के गार्डन के बाउंड्री को भी तोड़ा गया है। साथ ही गार्डन की बाउंड्री तोड़े जाने के मामले में निगम की ओर से भी FIR दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।