
पुलिस द्वारा तैयार किए गए पंचनामा के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे तालाब से कई संदिग्ध वस्तुएं निकाली गई। यह बरामदगी ग्रामीणों की सतर्कता के बाद हुई।
बरामद सामग्री में एक प्लास्टिक बोतल शामिल है, जिसमें फ्यूज जैसी सामग्री लगी थी। इसके अलावा, एक कैरी बैग में वायर कटर, पेचकस, टेस्टर और हरे रंग का तार मिला। अन्य प्लास्टिक थैलियों में बारूद जैसा पदार्थ भी बरामद हुआ। एक पिट्ठू बैग से काला गमछा, लाल व सफेद तार और विस्फोटक जैसी सामग्री भी मिली। उसके पास से, एक पर्ची भी मिली है जिस पर वशीकरण मंत्र लिखा हुआ था।
तालाब के पास संदिग्ध सामग्री मिला
यह सामग्री ग्राम कावरा निवासी 27 वर्षीय लखमू राम नामक युवक से बरामद की गई है। घटना की शुरुआत 2 अप्रैल की रात करीब 11 बजे हुई, जब ग्रामीणों को एक व्यक्ति द्वारा तालाब में संदिग्ध वस्तु फेंके जाने की सूचना मिली।
ग्रामीणों ने तुरंत उस व्यक्ति को रोका और पूछताछ के बाद पुलिस को सूचित किया। अगले दिन, पुलिस की मौजूदगी में और ग्रामीणों की मदद से तालाब में फेंकी गई सामग्री को बाहर निकाला गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पंचों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। बरामद सामग्री की प्रकृति और उसके संभावित उपयोग को लेकर गहन पड़ताल की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। ग्रामीणों की सतर्कता और तत्परता से एक बड़ी घटना टलने की संभावना जताई जा रही है।