कोंडागांव पुलिस ने हत्या के मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया

Chhattisgarh Crimesकोंडागांव पुलिस ने हत्या के मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राह चलते मोटरसाइकिल सवारों पर पत्थर और ईंट से हमला करता था, जिसकी एक घटना में एक युवक की मौत हो गई थी।

मामले में प्रार्थी राजेंद्र सोरी, निवासी भतवा, थाना माकड़ी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने जीजा मेहेंदु मरकाम (30 वर्ष) और पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से बालोंड से भतवा लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम बागबेड़ा और खुड़ी के बीच शाम करीब 7:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने ईंट से मेहेंदु मरकाम के सीने पर जोरदार प्रहार किया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में माकड़ी थाना और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही धनीराम मंडावी (35 वर्ष), निवासी खुड़ी, को ग्राम ओंडरी से घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी धनीराम मंडावी को 9 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना माकड़ी और साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा।

Exit mobile version