
मृतकों की पहचान धनेश्वर नेताम (35) और उनकी पत्नी सुबती नेताम (37) के रूप में हुई है। दोनों के शव कोकोड़ी-बनियागांव मार्ग पर स्थित बोकाड़भाटा पत्थरली पखना जंगल में पाए गए।
जानकारी के अनुसार, दंपति किसी काम से बनियागांव गए हुए थे। गुरुवार रात लौटते समय बल्लारी नाला के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। यह कहासुनी धीरे-धीरे बढ़ गई।
विवाद बढ़ने पर धनेश्वर ने अपनी पत्नी सुबती पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। गंभीर चोटों के कारण सुबती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पत्नी की हत्या के बाद धनेश्वर ने भी पास ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मौके पर पहुंच कर पुलिस जुटी तहकीकात में
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है।
इस घटना से दंपति के दो छोटे बच्चे अनाथ हो गए हैं। अचानक हुई इस त्रासदी से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त की है और प्रशासन से मदद की मांग की है।