बलरामपुर जिले के राजपुर में संचालित ज्वेलरी दुकान के संचालक को नकली सोने की अंगूठी देकर दो युवकों ने सोने का लॉकेट ठग लिया। युवकों के जाने के बाद दुकानदार ने दी गई अंगूठी की जांच की, जो नकली निकली। ठगे गए लॉकेट की कीमत 55 हजार रुपए बताई गई है। CCTV फुजेट में युवक अंगूठी देते नजर आ रहे हैं।
मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार राजपुर स्टेट बैंक के पास स्थित प्रकाश ज्वैलर्स में बुधवार शाम करीब 4 बजे दो अज्ञात युवक पहुंचे। उन्होंने मंगलसूत्र का लॉकेट दिखाने को कहा। एक लॉकेट पसंद करने के बाद युवकों ने उसका वजन कराया और कीमत पूछी। संचालक ने लॉकेट की कीमत 54,700 रुपए बताई।
युवकों ने गोल्ड एक्सचेंज करने की बात कहते हुए दुकानदार को सोने की अंगूठी दिखाई और उसकी कीमत पूछी। दुकानदार ने अंगूठी का वजन कर बताया कि इसकी कीमत 57,500 रुपए है। इस पर युवकों ने अंगूठी बदलने की बात कही। उन्होंने कहा कि बाकी 2,800 रुपए का समायोजन अगली खरीद में कर देंगे।
साथ ही बताया कि वे दो से तीन दिन में और खरीदारी करेंगे। इसके बाद ज्वेलरी दुकान के संचालक ने अंगूठी रख ली और युवकों को सोने का लॉकेट दे दिया। दोनों युवक लॉकेट लेकर दुकान से चले गए। वे करीब 10 मिनट ही दुकान में रुके। युवकों के जाने के बाद शाम को जब दुकानदार ने अंगूठी की जांच की तो वह नकली निकली।
इसकी जानकारी ज्वेलरी दुकान के संचालक ने राजपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज जुटाया। दुकान संचालक ने बताया कि दोनों युवक पैदल आए थे। संभव है कि उन्होंने वाहन कहीं दूर खड़ा किया हो।
वाड्रफनगर में भी ठगी की कोशिश
थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि दोनों युवकों में से एक युवक 13 अप्रैल 2026 को वाड्रफनगर के दीपक अलंकार मंदिर में अंगूठी लेकर गोल्ड ज्वेलरी लेने गया था। उस समय दुकानदार को अंगूठी देखकर शक हुआ, जिससे युवक ठगी करने में सफल नहीं हो पाया और वह वहां से चला गया।