दुर्ग जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सिटी कोतवाली और उतई थाना पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर गांजा और अवैध शराब की तस्करी कर रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।

चेकिंग के दौरान गांजा के साथ युवक गिरफ्तार

पहला मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। यहां बुधवार को नयापारा चौक के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखा। पुलिस को देखते ही वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास प्लास्टिक में रखे तीन पैकेट मिले, जिनमें गांजा भरा हुआ था।

जांच में आरोपी की पहचान उमेश यादव उर्फ दादू (20 साल), निवासी शिवपारा, दुर्ग के रूप में हुई। उसके पास से कुल 2.176 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 8 हजार 800 रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा एक पुराना मोबाइल फोन और एक धारदार हथियार भी जब्त किया गया। कुल जब्त सामान की कीमत करीब 1 लाख 10 हजार 300 रुपए है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

बाइक से लेकर जा रहे थे अवैध शराब दूसरी कार्रवाई उतई थाना पुलिस ने 21 अप्रैल को की। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो लोग बाइक से अवैध शराब ले जा रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने जोरातराई रोड, अयंत्रा माता मंदिर के पास घेराबंदी की और संदिग्ध बाइक को रोका।

बाइक की तलाशी लेने पर 35 पौवा देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 6.3 बल्क लीटर है। इसकी कीमत करीब 3500 रुपए बताई गई है। पुलिस ने मौके से बाइक भी जब्त कर ली।दोनों मामले में आरोपी गिरफ्तार इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें जितेन्द्र कुमार राय (34 साल) और इन्द्रजीत सिंह (55 साल), दोनों निवासी मरौदा, दुर्ग शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी गांव में शराब बेचने की तैयारी में थे। उतई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उन्हें कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।