रायपुर में घर में काम करने वाली नौकरानी पर लाखों रुपए चोरी करने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesरायपुर में घर में काम करने वाली नौकरानी पर लाखों रुपए चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से 2.50 लाख रुपए नकद और एक लॉकर भी बरामद किया गया है।

यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। यह मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।मामले की शिकायत देवपुरी स्थित डॉल्फिन ज्वेल निवासी देवाशीष गुरु ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 से उन्होंने घर और बच्ची की देखरेख के लिए प्रिया ढीढी को नौकरी पर रखा था। 21 अप्रैल की शाम वे एक शादी में बेमेतरा गए थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्ची शंकर नगर गई थीं। इस दौरान घर में नौकरानी प्रिया अकेली थी।

रात करीब 8 बजे जब पत्नी घर लौटी तो देखा कि प्रिया गायब है और बेडरूम की अलमारी खुली हुई है। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखा लॉकर भी गायब है, जिसमें 2.50 लाख रुपए नगद रखे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV से मिला आरोपी का सुराग

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में प्रिया ढीढी को लॉकर लेकर जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर और तकनीकी सहायता से आरोपी की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ा। आरोपी की निशानदेही पर पैसे, तिजोरी पुलिस ने बरामद कर लिया है।