दुर्ग पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई में हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने इस कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लाखों रुपए का मादक पदार्थ, नकदी और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस को 1 मई को मुखबिर से गोपनीय सूचना मिली थी कि सेक्टर-3 स्थित शिव मंदिर के पास कुछ लोग अवैध रूप से चिट्टा का सेवन और बिक्री कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर मौके पर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से नशीला पदार्थ और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ।
- हरजिंदर सिंह (23) निवासी न्यू खुर्सीपार
- मोन्टी अरोरा (32) निवासी जामुल
- सूरज कुमार लोहार (31) निवासी राजनांदगांव
- नवजोत सिंह (26) निवासी सेक्टर-4 भिलाई
- ईशा कौर (23) निवासी केम्प-1 भिलाई
21 ग्राम हेरोइन और नकदी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से 21.18 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 1.69 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा 65 हजार रुपए नकद,6 मोबाइल फोन (करीब 1.5 लाख रुपए कीमत),एल्युमिनियम फॉइल, जले हुए नोट, लाइटर बरामद किए गए हैं। कुल जब्त सामग्री की कीमत 3,84,400 रुपए बताई गई है।
नशे के सेवन का सामान भी मिला
मौके से एल्युमिनियम फॉइल, जले हुए नोट और लाइटर भी मिले हैं, जिनका उपयोग नशे के सेवन में किया जाता था।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
भिलाई भट्ठी थाना में अपराध क्रमांक 57/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 21 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सप्लाई चेन की जांच जारी
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। मामले में संगठित अपराध से जुड़ी धाराएं जोड़ने की प्रक्रिया भी जारी है।