छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले 5 खाईवालों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले 5 खाईवालों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। उनके पास से नगदी रकम, मोबाइल फोन और नोट गिनने की मशीन जब्त की गई है। तीनों कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई।

मिली जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई कोतरारोड बायपास इलाके में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरएस ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस में मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाया जा रहा है।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। वहां साकेत सिंघानिया (37) निवासी गजानंदपुरम को आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते पकड़ा गया।

जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से ऑनलाइन बेटिंग आईडी, व्हाट्सएप चैट, यूपीआई बारकोड और पैसों के लेनदेन से जुड़े डिजिटल सबूत मिले।पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सट्टा नेटवर्क चलाने की बात कबूल की। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन और iPhone 13 Pro जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

महिला सहित तीन आरोपी पकड़े गए

दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि पुराने पंजाब नेशनल बैंक के पास स्थित एक राशन दुकान में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाया जा रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रितेश डालमिया (28) को मोबाइल फोन के जरिए सट्टा खिलाते रंगे हाथ पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी पिंटू हलवाई, उसकी पत्नी प्रियंका हलवाई और रौनक मोदनवाल के साथ मिलकर सट्टा नेटवर्क चला रहा था। इसके बाद पुलिस ने चांदमारी इलाके में छापा मारकर रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई को हिरासत में ले लिया, जबकि पिंटू हलवाई फरार मिला।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से आईफोन, विवो और सैमसंग मोबाइल फोन, 2 लाख 70 हजार रुपए नकद और नोट गिनने की इलेक्ट्रॉनिक मशीन बरामद की गई।

किराए के मकान में चल रहा था ऑनलाइन सट्टा

इसके बाद पुलिस ने तीसरी कार्रवाई रामभांठा क्षेत्र में की। पुलिस को सूचना मिली थी कि संजय मैदान इलाके में एक किराए के मकान की दूसरी मंजिल के कमरे में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाया जा रहा है।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रदीप कुमार पांडेय को पकड़ लिया। जांच में उसके मोबाइल फोन से क्रिकेट गुरु ऐप, फोन-पे ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और सट्टे के पैसों के डिजिटल लेनदेन के स्क्रीनशॉट मिले।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिंटू हलवाई, रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई के साथ मिलकर आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाता था।

पुलिस ने उसके पास से विवो मोबाइल जब्त किया, जिसमें करीब 89,950 रुपए के डिजिटल लेनदेन के सबूत मिले हैं। पिंटू हलवाई अभी फरार है और उसे सभी मामलों में आरोपी बनाया गया है।

आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी

शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा युवाओं और समाज को आर्थिक व सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाने वाला अपराध है।

उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे संगठित अपराधों के खिलाफ तकनीकी और जमीनी स्तर पर लगातार कार्रवाई कर रही है। जो भी व्यक्ति इस अवैध कारोबार में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Exit mobile version