कोरबा के पसान थाना क्षेत्र में लैंगा-जटगा मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। कोयले से भरा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर एक बाइक पर पलट गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो पोते मामूली रूप से घायल हो गए।
मृतका की पहचान बालकुंवर (62) के रूप में हुई है, जो पसान के धनरास गांव की निवासी थीं। वह अपने दो पोतों के साथ बाइक से इलाज कराकर घर लौट रही थीं। लैंगा-जटगा मुख्य मार्ग की घाटी में पीछे से आ रहे ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर पलटते ही बाइक सवार तीनों लोग कोयले के ढेर में दब गए। एक पोता कोयले में पूरी तरह दब गया था, जबकि दूसरा सड़क किनारे जा गिरा। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद की और कोयले में दबे युवक को बाहर निकाला।
हालांकि, बुजुर्ग बालकुंवर की कोयले में दबने से मौके पर ही मौत हो चुकी थी। उनके दोनों पोतों को मामूली चोटें आई हैं।
ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पसान थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रेलर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
दूसरे वाहन की मदद से हटाकर यातायात बहाल किया गया
हादसे के बाद सड़क पर बिखरे कोयले को दूसरे वाहन की मदद से हटाकर यातायात बहाल किया गया। मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और उनकी मौत की खबर सुनकर शोक में डूब गए। ग्रामीणों ने बताया कि लैंगा-जटगा मार्ग की घाटी में अक्सर तेज रफ्तार भारी वाहन हादसों का कारण बनते हैं।
स्थानीय लोगों ने कोयला परिवहन में लगे ट्रेलरों की बेलगाम गति पर चिंता व्यक्त की और प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण तथा सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।