
शिकायत के बाद भट्ठी पुलिस ने आरोपी के. देवासहायम, के. रवि कुमार और के. राजेश कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पॉलिसी बंद कराने पहुंचे थे BSP कर्मचारी
भट्ठी थाना पुलिस के मुताबिक सेक्टर-4 सड़क निवासी संतोष कुमार (57) BSP में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनकी एक बीमा पॉलिसी साल 2022 में मैच्योर हो गई थी। पॉलिसी बंद कराने के लिए वे सिविक सेंटर स्थित बीमा कार्यालय पहुंचे थे।
कम पढ़े-लिखे होने के कारण फॉर्म भरने में उन्हें परेशानी हो रही थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात सेक्टर-6 निवासी के. देवासहायम से हुई, जिसने खुद को बीमा एजेंट बताकर फॉर्म भरने में मदद की। इसके बाद दोनों के बीच पहचान बढ़ गई।
घर पहुंचकर दिया निवेश का प्रस्ताव
शिकायत के अनुसार 28 सितंबर 2022 को देवासहायम अपने दो बेटों के. रवि कुमार और के. राजेश कुमार के साथ संतोष कुमार के घर पहुंचा। तीनों ने मिलकर एकमुश्त रकम निवेश करने पर ज्यादा रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया।
उनकी बातों में आकर संतोष कुमार ने पहले 14 लाख रुपए का चेक दे दिया। इसके बाद आरोपियों ने परिवार के अन्य सदस्यों का बीमा कराने के नाम पर अलग-अलग तारीखों में 17.30 लाख रुपए और ले लिए।
7 लाख के इलेक्ट्रॉनिक सामान भी निकलवाए
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने सिविक सेंटर सुपर बाजार से करीब 7 लाख रुपए के इलेक्ट्रॉनिक सामान भी निकलवा लिए। इनमें फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एसी, टीवी, फ्रीजर, मोबाइल और अन्य सामान शामिल थे।
आरोपियों ने भरोसा दिलाया था कि वे इन सामानों को बाजार में बेचकर रकम वापस कर देंगे।
रुपए मांगने पर थमा दीं 20 बीमा पॉलिसियां
काफी समय गुजरने के बाद जब संतोष कुमार ने अपने रुपए वापस मांगे, तब आरोपियों ने करीब 8.06 लाख रुपए लौटाए। इसके साथ ही 59 हजार 890 रुपए की किस्त जमा कर संतोष कुमार, उनकी पत्नी द्रौपति बाई और बेटे सुनील कुमार के नाम पर कुल 20 बीमा पॉलिसियां दे दीं।
जब संतोष कुमार ने इन पॉलिसियों की जानकारी अपने बच्चों को दिखाई, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि जिन्हें एकमुश्त निवेश और हाई रिटर्न वाली स्कीम बताया गया था, वे सामान्य लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसियां थीं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
भट्ठी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 506 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब लेनदेन और दस्तावेजों की जांच कर रही है।