बलरामपुर जिले में वन विभाग ने तेंदूपत्ता के अवैध संग्रहण और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesबलरामपुर जिले में वन विभाग ने तेंदूपत्ता के अवैध संग्रहण और परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विशेष अभियान चलाकर धमनी और रघुनाथनगर वन परिक्षेत्रों से कुल 19 बाइक्स जब्त की गई हैं। इन वाहनों का इस्तेमाल अवैध तेंदूपत्ता परिवहन में किया जा रहा था।

वन विभाग ने दोनों वन परिक्षेत्रों में अस्थायी बैरियर लगाकर सघन जांच अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर वन अमले ने रात में गश्त के दौरान कार्रवाई की।

जांच में वन परिक्षेत्र धमनी से 11 और रघुनाथनगर से 8 बाइक पकड़ी गईं। अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित लोग दूसरे राज्यों से अवैध रूप से तेंदूपत्ता लाकर छत्तीसगढ़ में बेचने की तैयारी में थे।

अधिनियम का उल्लंघन

वन विभाग ने बताया कि यह छत्तीसगढ़ तेंदूपत्ता (व्यापार विनियमन) अधिनियम 1964 का सीधा उल्लंघन है। जब्त तेंदूपत्ता और वाहनों का पंचनामा तैयार कर उन्हें विभागीय अभिरक्षा में रखा गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अभियान

यह पूरी कार्रवाई वनमण्डलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेई के निर्देशन और उप वनमण्डलाधिकारी प्रेमचंद मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। संबंधित वन परिक्षेत्र अधिकारियों की टीम ने अभियान को अंजाम दिया।

वन विभाग की चेतावनी

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि तेंदूपत्ता का संग्रहण और परिवहन केवल तय नियमों के तहत ही किया जा सकता है। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

विभाग ने लोगों से अपील की है कि अवैध वन उपज परिवहन की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version