छत्तीसगढ़ के धमतरी में सड़क हादसे में हेड कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि एक नगर सैनिक घायल हो गया

छत्तीसगढ़ के धमतरी में सड़क हादसे में हेड कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि एक नगर सैनिक घायल हो गया। यह घटना देर रात गश्त के दौरान हुई, जब एक पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसा धमतरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहावा चौक के पास मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि में हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों जवानों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने हेड कांस्टेबल विजय बैरागी को मृत घोषित कर दिया। विजय बैरागी बांस पारा के निवासी थे। घायल नगर सैनिक जवान रामपुर वार्ड का निवासी बताया जा रहा है, जिसका इलाज जारी है।

पिकअप ने पीछे से मारी टक्कर

पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल और नगर सैनिक जवान बस स्टैंड पर गश्त कर सिहावा चौकी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

50 फीट तक घसीटा

टक्कर के बाद पिकअप ने बाइक सवार जवानों को करीब 50 फीट तक घसीटा। इस दौरान पिकअप ने सड़क किनारे खड़े एक ठेले को भी अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने पिकअप वाहन और उसके ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version