छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अब झुलसा देने वाली गर्मी पड़ने लगी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अब झुलसा देने वाली गर्मी पड़ने लगी है। सुबह से दोपहर तक तेज तपती धूप और रात में चल रही गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। जिले का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे पंखे और कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं।

मंगलवार शाम अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन इससे लोगों को ज्यादा राहत नहीं मिल सकी। कुछ ही देर बाद फिर से उमस और गर्मी का अहसास होने लगा। वहीं बुधवार सुबह से आसमान साफ रहा और तेज धूप लोगों को चुभने लगी।

दोपहर होते-होते गर्मी इतनी बढ़ गई कि लोगों को झुलसा देने वाली तपिश महसूस होने लगी। बुधवार को अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के कारण दोपहर में लोग घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए।

हालांकि जरूरी कामों के लिए बाहर निकलने वाले लोग भी चेहरे और कानों को कपड़े से ढंककर ही निकले। शाम ढलने के बाद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। रात में चल रही गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग लगातार परेशान हैं।