छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नायब तहसीलदार ने BJP विधायक पर पीटने का आरोप लगाया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नायब तहसीलदार ने BJP विधायक पर पीटने का आरोप लगाया है। राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार मानिक के अनुसार, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों ने उनसे मारपीट की है।

तुषार मानिक का कहना है कि, विधायक समर्थकों ने धक्का-मुक्की की और उनके कपड़े फाड़ दिए। आरोप है कि नायब तहसीलदार ने विधायक की चचेरी बहन की फाइल फेंकी और उन्हें ऑफिस से बाहर निकाला। इसी बात से नाराज समर्थक उग्र हो गए और विवाद हुआ।

मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत की है। घटना की जानकारी मिलने पर सीतापुर SDM फागेश सिन्हा मौके पर पहुंचे थे और बीच-बचाव कर नायब तहसीलदार को अपने साथ अंबिकापुर ले गए।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, मैनपाट की राजापुर उप तहसील में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन के शाख शोध पत्र बनवाने के लिए 14 मई को फाइल जमा किया था।

आरोप है कि नायब तहसीलदार तुषार मानिक और बाबू कई दिनों से उसे काम के लिए दफ्तर के चक्कर लगवा रहे थे। बुधवार (27 मई) को भी वह अपने काम के सिलसिले में उप तहसील कार्यालय पहुंचीं थीं।

फाइल फेंका, ऑफिस से भगाया तो पहुंचे विधायक समर्थक

सीमा धनकी ने आरोप लगाया है कि, नायब तहसीलदार तुषार मानिक से उन्होंने फाइल पर साइन करने के लिए कहा तो वे भड़क गए और कहा कि तुम होती कौन हो? हस्ताक्षर करने के लिए कहने वाली। जाकर मैनपाट में हस्ताक्षर करा लो। इसके बाद उसे तहसील से बाहर करने के लिए भी कहा गया।

इसकी जानकारी सीमा धनकी ने विधायक रामकुमार टोप्पो को दी तो विधायक के समर्थक उप तहसील पहुंच गए।

विधायक पर भी मारपीट का आरोप, SDM ने किया बीच-बचाव

आरोप है कि शाम करीब 6 बजे विधायक रामकुमार टोप्पो ने सीतापुर लौट चुके नायब तहसीदार को वापस राजापुर बुलाया। नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ SDM फागेश सिन्हा भी राजापुर पहुंचे।

नायब तहसीलदार तुषार मानिक से विधायक रामकुमार टोप्पो ने बहन से अभद्र व्यवहार करने को लेकर पूछा। तुषार मानिक ने कहा कि अभद्रता नहीं की गई है, वे तुरंत हस्ताक्षर करने के लिए कह रही थीं, उन्हें कल बुलाया गया है।

तुषार मानिक ने कहा कि इतना कहते ही विधायक के समर्थकों ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। विधायक रामकुमार टोप्पो ने उन्हें किनारे बुलाया और मारपीट की। बीच-बचाव में एसडीएम फागेश सिन्हा आए और उन्हें बचाकर बाहर निकाला।