छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) की तरफ से आयोजित 4 जून गुरुवार को आयोजित होने वाली डीएलएड प्रवेश परीक्षा को लेकर बस्तर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) की तरफ से आयोजित 4 जून गुरुवार को आयोजित होने वाली डीएलएड प्रवेश परीक्षा को लेकर बस्तर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जगदलपुर शहर में बनाए गए 12 परीक्षा केंद्रों में कुल 3 हजार 891 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति मिलेगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले केंद्र पहुंचना अनिवार्य किया गया है।

ड्रेस कोड लागू

व्यापम के निर्देशानुसार परीक्षा में ड्रेस कोड भी लागू रहेगा। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के हाफ टी-शर्ट और चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। जूते-मोजे पहनकर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा बाली, झूमका सहित किसी भी प्रकार के आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी।

मोबाइल, घड़ी, बेल्ट, पर्स, स्कार्फ, टोपी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य संचार सामग्री भी परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने पर रोक रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में फोटो स्पष्ट नहीं है, उन्हें दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होगी। साथ ही मूल प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र रखना अनिवार्य रहेगा।

ये हैं परीक्षा सेंटर

जगदलपुर में शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज, शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, दन्तेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्कूल, बहुउद्देशीय स्कूल, सेजेस कन्या स्कूल सहित कई संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। अधिकांश केंद्रों में 300 से 360 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर मनीष कुमार वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. अनिल श्रीवास्तव को समन्वयक और डॉ. अजय सिंह ठाकुर को सहायक समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।