बालोद शहर की सब्जी मंडी में शनिवार सुबह दिनदहाड़े लूट हो गई

Chhattisgarh Crimesबालोद शहर की सब्जी मंडी में शनिवार सुबह दिनदहाड़े लूट हो गई है। अज्ञात बदमाशों ने एक सब्जी व्यापारी को चाकू दिखाकर 25 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहल्ले के 10 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम रेंघनी (मालीघोरी) निवासी डोमेश्वर पटेल बाजार-बाजार सब्जी दुकान लगाकर सब्जी बेचने का काम करते हैं। शनिवार सुबह 10 बजे के करीब वह बालोद सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने और व्यापारियों को भुगतान करने के लिए 25 हजार रुपए लेकर पहुंचे थे।

चाकू दिखाकर पेट पर अड़ाया

सब्जी खरीदने के बाद वह मंडी परिसर के बाथरूम गए। इसी दौरान कुछ युवक उनके पीछे अंदर घुस गए और चाकू दिखाकर पेट पर अड़ा दिया। आरोपियों ने उनके पास रखे 25 हजार रुपए छीन लिए और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी

घटना के बाद डोमेश्वर पटेल ने अन्य व्यापारियों के साथ बालोद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया।

10 संदिग्ध हिरासत में

पुलिस ने पाण्डेयपारा, टिकरापारा और नयापारा क्षेत्र से 10 संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इनमें से एक व्यक्ति की पहचान पीड़ित द्वारा किए जाने की जानकारी मिली है, जबकि अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

इस मामले में बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।