छत्तीसगढ़ के बेमेतरा से भाजपा विधायक दीपेश साहू आज सामूहिक विवाह समारोह में शादी करेंगे। सरकारी शिक्षक से राजनीति में आए दीपेश, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में BPL परिवार की तरुणा साहू के साथ सात फेरे लेंगे।विधायक का कहना है कि योजना के तहत मिलने वाली राशि वे अपने पास नहीं रखेंगे, बल्कि उसे मेधावी छात्राओं की पढ़ाई पर खर्च करेंगे। हालांकि उनकी शादी को लेकर राजनीतिक बहस भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने योजना की पात्रता को लेकर सवाल उठाए हैं, जबकि भाजपा इसे व्यक्तिगत फैसला बता रही है।
दूल्हा-दुल्हन कौन हैं?
दुल्हा दीपेश साहू
बेमेतरा विधायक दीपेश साहू का जन्म 23 जनवरी 1988 को हुआ था। उन्होंने राजनीति विज्ञान में MA किया है। राजनीति में आने से पहले वे 2008 से 2018 तक सरकारी शिक्षक रहे। साल 2018 में भाजपा में शामिल हुए और बाद में संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं। 2024 के विधानसभा चुनाव में वे पहली बार बेमेतरा से विधायक चुने गए।
टीचर से विधायक बने दीपेश
दीपेश साहू करीब 10 साल तक सरकारी स्कूल में शिक्षक रहे। इसके बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। भाजपा में शामिल होने के बाद वे पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष समेत कई संगठनात्मक पदों पर रहे। वर्तमान में वे बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
दुल्हन
ड्राइवर की बेटी, MA तक की पढ़ाई
तरुणा साहू मूल रूप से दुर्ग जिले की धमधा तहसील के बिरोदा गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने MA तक पढ़ाई की हैं। पिता देवनारायण साहू पेशे से ड्राइवर हैं, जबकि माता मालती साहू गृहिणी हैं। परिवार में उनके एक भाई टिकेंद्र साहू हैं। वर्तमान में उनका परिवार बेमेतरा में रहता है।
एक मंच पर लेंगे सात फेरे
दीपेश और तरुणा 31 मई को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में विवाह बंधन में बंधेंगे। कार्यक्रम में अन्य जोड़ों के साथ दोनों भी एक ही मंच पर सात फेरे लेंगे।
महिला-बाल विकास विभाग की ओर से बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में 21 जोड़ों का विवाह होना है, जिनमें विधायक दीपेश साहू और तरुणा साहू भी शामिल हैं।