छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के चुनाव में उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद चुनावी मुकाबला नए चरण में पहुंच गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के चुनाव में उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद चुनावी मुकाबला नए चरण में पहुंच गया है। भिलाई नगर, दुर्ग शहर और दुर्ग ग्रामीण जिलों में अध्यक्ष पद के दावेदारों ने सदस्यता अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं।

इस बार चुनाव पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया से होगा। ऐसे में केवल राजनीतिक समर्थन के भरोसे जीत हासिल करना आसान नहीं होगा। जीत उसी उम्मीदवार की होगी, जो सबसे अधिक सदस्य जोड़कर उन्हें अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित कर सकेगा।

युवा कांग्रेस के इस चुनाव में हर सदस्य की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। संगठन के नियमों के अनुसार सदस्य बनने वाला हर व्यक्ति छह अलग-अलग पदों के लिए मतदान कर सकेगा। यही वजह है कि सभी दावेदार अभी से अधिक से अधिक लोगों को सदस्य बनाने में जुट गए हैं।

इसी संबंध में 30 मई को दुर्ग स्थित राजीव भवन में तीनों जिलों के प्रत्याशियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की ओर से चुनाव प्रक्रिया और सदस्यता अभियान को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। युवा कांग्रेस चुनाव में सदस्यता और मतदान की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।नए सदस्य को पंजीयन के दौरान अपनी सहमति का वीडियो अपलोड करना होगा। संगठन के नियमों के अनुसार प्रत्येक सदस्य ऑनलाइन माध्यम से छह अलग-अलग पदों के लिए मतदान कर सकेगा।

नए सदस्यों को देना होगा 75 रुपए फीस

सदस्य बनने के लिए 75 रुपए शुल्क देना होगा। यह राशि सीधे युवा कांग्रेस के खाते में जमा होगी। ऐसे में बड़ी संख्या में सदस्य जोड़ने के लिए उम्मीदवारों को काफी मेहनत के साथ आर्थिक संसाधन भी जुटाने पड़ सकते हैं।

संगठन से जुड़े नेताओं का कहना है कि इस बार सदस्यता का आंकड़ा ही चुनाव का सबसे बड़ा आधार बनने वाला है।

नए सदस्यों को खुद का वीडियो भी बनाकर देना होगा

सदस्यता प्रक्रिया को पहले के मुकाबले ज्यादा सख्त और तकनीकी बनाया गया है। सदस्य बनने वाले व्यक्ति को अपना लाइव फोटो अपलोड करना होगा। इसके साथ वोटर आईडी कार्ड और आयु से जुड़ा दस्तावेज भी देना होगा।

आयु प्रमाण के लिए 10वीं की मार्कशीट, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट में से किसी एक दस्तावेज को अपलोड करना जरूरी रहेगा। इसके अलावा सदस्यता लेने वाले व्यक्ति को एक छोटा वीडियो भी अपलोड करना होगा।

इस वीडियो में उसे खुद यह बताना होगा कि वह युवा कांग्रेस का सदस्य बनना चाहता है। संगठन का मानना है कि इससे फर्जी सदस्यता पर रोक लगेगी और वास्तविक सदस्यों की पहचान हो सकेगी।

उम्मीदवारों के रिफरल कोड से ही जुड़ेंगे नए सदस्य

इस चुनाव की सबसे खास व्यवस्था रिफरल कोड को माना जा रहा है। अध्यक्ष पद का हर उम्मीदवार अपने समर्थकों को एक अलग रिफरल कोड देगा। सदस्यता लेने के दौरान और वोटिंग के समय उसी कोड का उपयोग करना होगा।

इससे यह पता चल सकेगा कि संबंधित सदस्य किस उम्मीदवार के समर्थन में जुड़ा है। यही कारण है कि उम्मीदवारों के सामने सिर्फ सदस्य बनाने की चुनौती नहीं है, बल्कि उन्हें अपने समर्थकों को सही रिफरल कोड के जरिए जोड़ना भी जरूरी होगा।

दुर्ग जिले को मिलेंगे 3 अध्यक्ष, सूची जारी

दुर्ग जिले में दुर्ग ग्रामीण में 7, दुर्ग शहर में 10 और भिलाई नगर से 12 अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवारों के नाम फाइनल हो गए हैं। इनके बीच ही मुकाबला होना है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सदस्यता अभियान और मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी।

सबसे ज्यादा वोट पाने वाला उम्मीदवार जिला अध्यक्ष चुना जाएगा। वोटों के आधार पर अन्य पदों का भी फैसला होगा। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव समर्थक खेमे अपने-अपने उम्मीदवारों के लिए सक्रिय नजर आ रहे हैं।

ऐसे में अब सभी की नजर सदस्यता अभियान पर टिकी हुई है, क्योंकि अंतिम जीत उसी उम्मीदवार की होगी जो सबसे ज्यादा सदस्यों को जोड़कर उन्हें वोट में बदलने में सफल रहेगा।

Exit mobile version