रायपुर में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने अभियान चलाकर कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर संचालित इस अभियान में रेत और बोल्डर का अवैध परिवहन कर रहे 8 हाइवा वाहनों को जब्त किया गया।
दस्तावेज नहीं दिखा सके चालक
उप संचालक खनि प्रशासन राजेश मालवे और सहायक खनि अधिकारी उमेश भार्गव के मार्गदर्शन में गठित टीम ने नारी और धमतरी क्षेत्र से रेत लेकर आ रहे 6 हाइवा, तुमगांव क्षेत्र से बोल्डर परिवहन कर रहे 2 हाइवा वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान वाहन चालकों से खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे आवश्यक कागजात पेश नहीं कर सके।
वाहन भी जब्त किए गए
दस्तावेजों के अभाव में सभी वाहनों को अवैध खनिज परिवहन की श्रेणी में मानते हुए तत्काल जब्त कर लिया गया। खनिज विभाग ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद जब्त वाहनों को उपरवारा थाना और माना थाना की सुपुर्दगी में सौंप दिया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार मामले में खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।