पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच अब पेट्रोल भी चोरों के निशाने पर आ गया

Chhattisgarh Crimesपेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच अब पेट्रोल भी चोरों के निशाने पर आ गया है। बस्तर जिले के भानपुरी में एक चोर ने दुकान में रखे 25 लीटर पेट्रोल और ड्राई फ्रूट्स के पैकेट चुरा लिए हैं। वहीं दुकानदारों ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज करवाई है। मामला भानपुरी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की रात करीब 1:52 बजे एक अज्ञात चोर भानपुरी बाजार क्षेत्र में पहुंचा। आरोपी ने एक के बाद एक तीन ठेला-नुमा दुकानों के ताले तोड़े। इसके बाद वह करीब 20 मिनट तक बेखौफ होकर दुकानों के भीतर रखे सामान को खंगालता रहा।

पेट्रोल से भरा जरीकेन ले गया चोर

चोर अपने साथ 25 लीटर पेट्रोल से भरा जरीकेन, सिगरेट और ड्राई फ्रूट्स लेकर फरार हो गया। पेट्रोल की चोरी को लेकर क्षेत्र में खास चर्चा है, क्योंकि हाल के दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है। ऐसे समय में बड़ी मात्रा में पेट्रोल चोरी होना इस बात की ओर इशारा करता है कि अब ईंधन भी चोरों के लिए कीमती सामान बनता जा रहा है।

CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस

पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। जिस तरह से वारदात हुई है उससे यह भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसे इलाके की पूरी जानकारी थी। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि थाने के इतने करीब चोरी होना चिंता का विषय है। घटना के बाद व्यापारियों में नाराजगी भी देखी जा रही है।

पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपी की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।