धमतरी जिले में मंगलवार देर रात से बुधवार दोपहर तक तीन अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। हादसों में एक पिकअप वाहन पलट गया, एक बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और नेशनल हाईवे पर इको कार व मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। सभी घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
पहला हादसा नगरी ब्लॉक के खड़पथरा गांव स्थित अमलीपारा तालाब के पास मंगलवार देर रात हुआ। मुकुंदपुर निवासी करीब 25 लोग पिकअप वाहन में सवार होकर कोंगेरा गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे में वाहन में सवार 8 लोग घायल हो गए।
घायलों को तत्काल नगरी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया है। अन्य घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
दूसरी घटना ग्राम बनबगौद के पास हुई। जानकारी के अनुसार नरेंद्र सिंह राजपूत मंगलवार रात एक बैठक में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बरबांधा मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल नरेंद्र सिंह राजपूत को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।
हाईवे पर इको कार और बाइक में भिड़ंत
तीसरी घटना बुधवार को नेशनल हाईवे पर ग्राम छाती-सेंचुआ पुल के पास हुई। यहां एक इको कार और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे पूर्व विधायक
पिकअप दुर्घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक श्रवण मरकाम नगरी सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली। साथ ही पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा भी दिलाया।
लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।