छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 125.700 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा, पिकअप वाहन और मोबाइल समेत कुल 70.93 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि, एक पिकअप वाहन (UP-70 LT-0860) में गांजा छिपाकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए वाहन में लदे कटहल के नीचे गांजे की बोरियां छिपा रखी थीं।
सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस ने रेहटीखोल चेकपोस्ट पर वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई।
वाहन ड्राइवर ने अपना नाम धीरेंद्र कुमार गौतम (42) निवासी करछना, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) बताया। वहीं उसके साथ बैठे युवक की पहचान लवकुश गौतम (22) निवासी बारा, जिला प्रयागराज के रूप में हुई। जांच के दौरान कटहल के नीचे छिपाकर रखी गई चार प्लास्टिक बोरियों से कुल 125.700 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
ओडिशा से लाकर प्रयागराज में खपाने की थी तैयारी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से लाया गया था। इसे उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बेचने की योजना थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62.85 लाख रुपए मूल्य का गांजा, 8 लाख रुपए कीमत का टाटा माजदा पिकअप वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
70.93 लाख की संपत्ति जब्त
इस कार्रवाई के दौरान जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य 70 लाख 93 हजार रुपए आंका गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान
महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।