अंबिकापुर शहर से गुजरी नेशनल हाईवे 43 की सड़क में घटिया निर्माण पर कार्रवाई करते हुए सब इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया गया

Chhattisgarh Crimesअंबिकापुर शहर से गुजरी नेशनल हाईवे 43 की सड़क में घटिया निर्माण पर कार्रवाई करते हुए सब इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया गया है। 20 दिसंबर की रात सड़क पर बीटी पैच रिपेयरिंग का काम किया गया था, जो अगले दिन सुबह ही उखड़ गया।

स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए नाराजगी जताई। जिसके बाद नेशनल हाईवे के चीफ इंजीनियर ने यह कार्रवाई की है। बता दें कि 6 करोड़ की लागत से सड़क रिपेयरिंग किया जा रहा है।

सड़क उखड़ने के बाद निगम ने उठाया मटेरियल

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के सदर रोड में बीटी पेंच रिपेयरिंग का काम शनिवार (20 दिसंबर) देर रात किया गया था। इसमें करीब 7 मीटर की सड़क सुबह तक उखड़ गई, जिसे निगम के कर्मी बेलचा से बीटी मटेरियल समेटकर ले गए थे। लोगों ने घटिया निर्माण का वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट करते हुए आक्रोश जताया था।

सब इंजीनियर पर गिरी गाज

बी.टी. पैच रिपेयरिंग के घटिया निर्माण को लेकर नेशनल हाईवे के बिलासपुर अधीक्षण अभियंता ने प्रतिवेदन और फोटो रायपुर के राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता को भेजी थी। मुख्य अभियंता ने गुणवत्ताहीन कार्य के लिए जिम्मेदार सब इंजीनियर नवीन सिन्हा को सस्पेंड कर दिया है। सब इंजीनियर का मुख्यालय, एसई कार्यालय बिलासपुर नियुक्त किया गया है।

ठंड के कारण पेंच वर्क उखड़ा

नेशनल हाईवे 43 की सड़क अंबिकापुर शहर से होकर गुजरी है। नेशनल हाईवे की खराब सड़कें बारिश में सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई, जिससे सरकार की खासी किरकिरी हुई। लुचकी घाट से लेकर सिलफिली तक सड़क ज्यादा खराब है। इस सड़क के बीटी पेंच रिपेयरिंग के लिए 6 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।

शनिवार रात ज्यादा ठंड में सदर रोड में बीटी पेंच रिपेयरिंग का काम कराया गया था, जिसमें से 7 मीटर सड़क नहीं जम सकी और सुबह निगम के कर्मी बीटी मटेरियल उखाड़कर ले गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था।

क्या बोले अधिकारी

नेशनल हाईवे के एसडीओ निखिल लकड़ा ने कहा कि सदर रोड व्यस्ततम मार्ग है, जहां दिन में काम नहीं हो सकता। शनिवार रात कार्य के दौरान रोलर में तकनीकी खराबी आ गई थी।

जब तक खराबी सुधारी गई, मटेरियल ठंडा हो गया था। इसके कारण 7 मीटर सड़क की कांपेक्शिंग नहीं हो पाई थी, जिसे उखाड़ने कहा गया था। उक्त सड़क दुबारा बन गई है।

सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि नेशनल हाईवे के अधिकारियों को गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने कहा गया है। तकनीकी खराबी के कारण कुछ सड़क उखड़ गई थी, जिसे फिर से बना लिया गया है।

Exit mobile version