पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में 6 नक्सलियों के मारे जाने का दावा : जवानों को अब तक 4 का शव मिला, भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद

Chhattisgarh Crimes

बीजापुर। जिले में शनिवार की सुबह से पुलिस और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ चल रही है। अब तक जवानों ने 6 नक्सलियों को मार गिराने का दावा किया है, इनमें 4 माओवादियों का शव बरामद भी कर लिया गया है, मारे जाने में 2 महिला नक्सली भी हैं। जवानों ने भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए हैं। दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है। मामला जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, इन दिनों नक्सली बस्तर में अपना PLGA सप्ताह मना रहे हैं। इस दौरान बस्तर में फोर्स भी अलर्ट मोड पर है। पुलिस को सूचना मिली थी कि, पोमरा के जंगल में भारी संख्या में माओवादियों की मौजूदगी है। इसी सूचना के आधार पर जवानों की टीम को गुरुवार की रात मौके के लिए रवाना किया गया था। वहीं शुक्रवार की सुबह जवानों ने नक्सलियों के कैंप पर धावा बोल दिया।

करीब 30 से 40 मिनट तक चली इस मुठभेड़ में जवानों ने तीन माओवादियों को ढेर कर दिया है। जवानों को भारी पड़ता देख माओवादी बैकफुट हो रहे हैं। लेकिन ऐसी जानकारी मिल रही है कि रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। वहीं अंदरूनी इलाका होने की वजह से ज्यादा जानकारी निकलकर सामने नहीं आ सकती है।

ये खूंखार नक्सली थे मौजूद बीजापुर SP आंजनेय वैष्णव ने बताया कि, DVCM (डिवीजनल कमेटी मेंबर) मोहन कड़ती, सुमित्र समेत माटवाड़ा LOS सदस्य रमेश के साथ अन्य माओवादियों के उपस्थित की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर DRG, STF, CRPF जवानों की एक संयुक्त पार्टी को सर्च ऑपरेशन के लिए निकाला था। सुबह 7:30 से 7:45 के बीच नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हो गई।

जवानों ने 4 माओवादियों को ढेर कर दिया है। इनमें 2 महिला माओवादी भी शामिल है। SP ने बताया कि मौके से नक्सलियों के शव समेत 303, 315 रायफल समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामान भी बरामद किया गया है। फिलहाल फायरिंग रुक गई है। सर्च ऑपरेशन जारी है। जवान शाम तक लौटेंगे।