ठंडी हवाओं ने बदला छत्‍तीसगढ़ के मौसम का मिजाज, अगले दो दिन रहेगा घना कोहरा और बढ़ेगी ठंड

रायपुर में सुबह हुई हल्की बारिश

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। बंगाल की खाड़ी से आने वाली ठंडी हवाओं के चलते छत्‍तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। कोहरा छाने के साथ ही ठंड में भी बढ़ोतरी हुई है। राजधानी रायपुर में आज हल्की बारिश हुई. जिससे यहां के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वही आस-पास के बाहरी इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। साथ ही राजधानी में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आने वाले एक दो दिनों में प्रदेश के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। साथ ही राजधानी में भी कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार है।

मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार व गुरुवार को प्रदेश के सरगुजा, पेंड्रा रोड, जांजगीर, बिलासपुर, कोरबा, कवर्धा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुबह-सुबह घना कोहरा छाएगा। मौसम विभाग का कहना है कि कोहरे के दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, साथ ही वाहन भी धीमी गति से चलाएं। विभाग के अनुसार शुक्रवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट शुरू होगी और ठिठुरन और बढ़ेगी।