रेत और शराब के भरोसे चल रहीं है कांग्रेस सरकार : भाजपा

Chhattisgarh Crimes

महासमुंद। स्थानीय लोहिया चौक में भाजपा किसान मोर्चा द्वारा प्रदेश की कांग्रेस सरकार के शासनकाल में किसानों को हो रही खाद, बीज, बिजली पानी की किल्लत के साथ, प्रदेश की जनता से किये गए वादाखिलाफी के विरोध में विधानसभा स्तरीय एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर विरोध प्रदर्शित किया गया। किसानों को हो रही समस्याओं को लेकर पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर ने प्रदेश के कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि छतीसगढ़ जैसे शांतिप्रिय खुशहाल प्रदेश ढाई साल के कांग्रेसी शासनकाल मे माफियाओं का गढ़ बन गया है ।

ऐसा कोई वर्ग बचा नही जिसे कांग्रेस ने छला नही है। चारो तरफ भय और अराजकता का माहौल है। केंद्र में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के किसानों के मांग के अनुपात में ज्यादा खाद की व्यवस्था दिया है। चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा ने कांग्रेस की सरकार को कमीशन खोरी में लिप्त बताते हुए कहा कि अवैध खनिज और शराब की बिक्री से कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अपनी जेबे भरने में लगे है उन्हें जनता के सुख दुख और प्रदेश के विकास से कोई लेना देना नही है। कृषि भूमि का रकबा कम करने के बाद कृषि कार्य के लिए खाद की कमी , बिजली पानी मे कटौती करके किसानों का शोषण कांग्रेस की सरकार कर रही है ।

भूपेश बघेल सरकार ढाई साल में हर मोर्चे पर फेल है। अपनी नाकामी का ठीकरा केंद्र सरकार पर फोड़ने के अलावा इनके पास और कोई जवाब नही है। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह गोल्डी ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमनसिंह की सरकार में प्रदेश की जनता के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि रमन राज में खुशहाल किसान आज कांग्रेस सरकार में किसान विरोधी गलत नीतियो के वजह से आत्महत्या करने मजबूर हो गया है। जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर ने किसानों की समस्याओं पर ध्यानाकर्षण कराते हुए कहा कि भाजपा सदैव किसान हित में समर्पित रही है और अन्नदाताता किसानों को उनका हक अधिकार और सुविधाओं का लाभ दिलाने के साथ कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों का विरोध करने से पीछे नही हटेगी। सोसायटी में खाद लेने के वक्त गुणवत्ताविहीन वर्मीकम्पोस्ट खाद देने की बाध्यता को समाप्त किये जाने की मांग जिला महामंत्री ने किया।

किसान मोर्चा द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन के कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता चन्द्रहास चंद्राकर ने कहा कि ढाई साल पहले कांग्रेस को खुद अंदाजा नही था कि उनकी सरकार प्रदेश में आएगी इसलिए उलूल-जुलूल कुछ भी मनगढ़ंत घोषणापत्र तैयार किया और उसी का परिणाम है कि कांग्रेस की सरकार बनने के बाद वायदों को पूरा करने में वो नाकाम साबित हो रहे है। पूर्व जिला महामंत्री एतराम साहू ने भी कृषि कार्यो में आ दिक्कतों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि इस सरकार में किसानों के साथ युवा महिला और कर्मचारी सभी त्रस्त है। विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश सदस्य प्रलय थिटे ने जिले में हो रहे नशे के व्यापार को रोकने में कांग्रेस को असफल बताते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है।

शासन प्रशासन का कोई भय अपराधियों में नही है। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर, तुमगांव नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश चंद्राकर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को विकास कार्यो में रोड़ा अटकाने वाली सरकार बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की राशि से आवश्यक सेवा और सुविधाओं का कार्य हो रहा है, कांग्रेस की सरकार दलगत बदले की भावना से कार्य करते हुए मूलभूत सुविधाओं से जनता को वंचित कर रही है। किसान नेता प्रेम चन्द्राकर, मण्डल अध्यक्ष पप्पू पटेल,धरम पटेल, सुखीराम हिरवानी सहित भाजपा नेत्री ललिता अग्रवाल, निरंजना शर्मा, मीना वर्मा, कौशिल्या बंसल,भामिनी चंद्राकर, सुरेखा कंवर, उत्तरा प्रहरे आदि ने भी अपने सम्बोधन में कांग्रेस की सरकार द्वारा प्रदेश में शराबबंदी के वायदों से मुकरने की निंदा करते हुए महिला विरोधी सरकार करार दिया।

वक्ताओं ने कहा कि रमन राज में विकास का इतिहास गढ़ने वाले छत्तीसगढ़ को कांग्रेस की सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में अपराधों का गढ़ बना दिया है। शराब माफिया, भूमाफिया, खनिज माफियाओं को सरकार का खुला संरक्षण मिल रहा है। कोरोना के संकटकाल में कांग्रेस की सरकार नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा और उपचार करने में नाकाम रही है और दवा वैक्सीन उपलब्ध कराने के स्थान पर होम डिलवरी के माध्यम से शराब लोगों तक उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने का दुष्कृत्य कांग्रेस की सरकार द्वारा किया जा रहा है। भाजपा के पदाधिकारियों ने किसानों को खाद संकट, बिजली कटौती दूर करने के साथ वर्मीकम्पोस्ट खाद खरीदने की बाध्यता को समाप्त करने महामहिम राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन भी सौपा।

विधानसभा स्तरीय धरना प्रदर्शन के कार्यक्रम में महासमुन्द शहर, ग्रामीण महासमुन्द , तुमगांव सिरपुर और झलप पटेवा मण्डल के वरिष्ठ भाजपा एवं मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी , कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान साथी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन शहर मण्डल अध्यक्ष सतपाल सिंह पाली व आभार जिलामंत्री पवन पटेल के द्वारा किया गया। उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी महेंद्र जैन ने दी है।