असम रवाना हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विकास उपाध्याय, बोले- राहुल गांधी की गलत छवि रचने करोड़ों खर्च करती है मोदी सरकार

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के सचिव व विधायक विकास उपाध्याय अपने प्रभार वाले प्रदेश असम रवाना होने के पहले आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा, भारतीय जनता पार्टी इस भ्रम में मत रहे कि कांग्रेस कमजोर हो गई है। उन्होंने पहले कही अपनी बात को दोहराते हुए कहा, आज देश में एक मात्र नेता राहुल गांधी ही हैं जो देश को सही दिशा व विकास को विकसित की ओर ले जाने की सोच रखते हैं। विकास ने कहा राज्यों में पार्टी को मजबूत करने कांग्रेस कार्यकतार्ओं को सिर्फ जगाने की जरूरत है। अब सड़क पर उतरने का समय आ गया है और आप देखेंगे जब हम जनता के बीच भाजपा का असली चेहरा उजागर करेंगे तो देश की जनता भी इसे स्वीकार करेगी।

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव विकास उपाध्याय आज असम रवाना होने के पूर्व बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, मोदी सरकार राहुल गाँधी की गलत छवि रचने प्रतिदिन करोडों रुपये खर्च करती है और करोड़ों फर्जी फालोअर्स के माध्यम से उनके द्वारा कही देश हित की बातों को गलत दिशा देने प्रचारित करती है। विकास उपाध्याय ने कहा राहुल गांधी जिस तरीके से भारत की सुरक्षा से लेकर प्रत्येक वर्ग चाहे बेरोजगारों की बात हो, किसान, मजदूर से लेकर मध्यम वर्ग के भलाई को लेकर मोदी सरकार के गलत नीतियों को आये दिन निशाने पर लेते हैं, मोदी सरकार उससे भयभीत होकर राहुल गांधी के विरुद्ध कूटरचित राजनीति कर पूरे देश को भ्रमित कर रही है।

विकास उपाध्याय ने भारतीय जनता पार्टी को चेताया है कि वह इस मुगालते में मत रहे कि हम कमजोर हो गए हैं। राहुल गाँधी के दिशा निर्देशन में अब कांग्रेस सड़क की लड़ाई लड़ेगी। मोदी सरकार की एक-एक गलत नीतियों को देश की जनता के पास ले जायेंगे। उन्होंने कहा बीजेपी जिस महंगाई को लेकर सत्ता में आई आज वही महंगाई 6 साल से शिखर पर है। पेट्रोल डीजल के दाम आसमान पर हैं और मोदी की केन्द्र सरकार इसे रोकने पूरी तरह से असफल है।

विकास उपाध्याय ने कहा, राज्यों में पार्टी को मजबूत करने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सिर्फ जगाने की जरूरत है और अब समय आ गया है, इस दिशा में कांग्रेस एक मजबूत संगठन तैयार कर भाजपा का मुकाबला करेगी। विकास उपाध्याय ने कहा, कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता से लेकर पूरी की पूरी पार्टी चाहती है कि राहुल गांधी दोबारा पार्टी अध्यक्ष बनें और इसमें सबकी 100% सहमति है। विकास ने कहा, मैं तो ये कहूँगा आज राहुल गांधी की पार्टी से ज्यादा देश को जरूरत है।