गांधी मैदान में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कांग्रेसियों ने दिया धरना

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। बीमा विधेयक के बाद राज्यसभा में हंगामा और मार्शलों से सांसदों के साथ धक्कामुक्की के विवाद पर कांग्रेस आक्रामक है। छत्तीसगढ़ की महिला सांसदों के साथ मारपीट का आरोप लगाकर कांग्रेस ने आज रायपुर के गांधी मैदान में मौन धरना दिया। बरसात के बीच खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पूरे एक घंटे तक मौन धरने पर बैठे रहे। इस दौरान मंत्री रविंद्र चौबे ने भाजपा सरकार पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया।

कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शाम 5 बजे से पहले ही रायपुर के गांधी मैदान पहुंच गए थे। यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे मंच लगाकर मुख्यमंत्री सहित सभी वरिष्ठ नेता बैठे। कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथ में तख्तियां लेकर आए थे। इस पर महिला सांसदों की हुई पिटाई, मोदी तुमको शर्म न आई, आदिवासी महिला का आपमान नहीं सहेंगे और लोकतंत्र की हत्या नहीं सहेंगे … जैसे नारे लिखे हुए थे। प्रदर्शन की शुरुआत करते हुए प्रदेश के कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा, केंद्र में भाजपा गुंडागर्दी पर उतारू है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की महिला सांसदों के साथ दुर्व्यवहार करके भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है। छत्तीसगढ़ महतारी और महिलाओं का अपमान किया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस इसको बर्दाश्त नहीं करेगी। शाम ठीक 5.15 बजे मौन प्रदर्शन शुरू हो गया। इस बीच बरसात होने लगी। बरसते पानी के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया, पीएचई मंत्री गुरु रुद्र कुमार, विधायक धनेंद्र साहू, अमितेश शुक्ला, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, सांसद फूलोदेवी नेताम और छाया वर्मा बैठे रहे। शाम 6.15 बजे प्रदर्शन पूरा होने की घोषणा हुई।

कल मारपीट का आरोप लगाते हुए रो पड़ी थी फूलोदेवी

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम कल अपने साथ हुई मारपीट और धक्का-मुक्की की घटना बताते हुए रो पड़ी थीं। सांसद छाया वर्मा का भी गला रुंध आया था। कल दोनों नेताओं ने कहा, भाजपा सरकार ने एक साजिश के साथ विपक्ष के सांसदों के साथ यह दुर्व्यवहार कराया। अब भाजपा के सांसद उन पर ही उंगली उठा रहे हैं। कांग्रेस ने कल प्रदेश भर में इसके खिलाफ प्रदर्शन किया था। भाजपा नेताओं के पुतले जलाए।