कोरोना ने तोड़ा 8 महीने का रिकॉर्ड; 24 घंटे में 3.17 लाख से अधिक नए मामले, मौत का दैनिक आंकड़ा 350 के पार

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। कोरोना के दैनिक मामलों में रिकॉर्ड इजाफा देखने को मिला। बुधवार को तीन लाख से अधिक नए मामले सामने आए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 3,17,532 केस सामने आए हैं। इससे पहले भारत ने पिछली बार 15 मई को (3,11,077) को 3 लाख से अधिक मामले दर्ज किए थे। आपको बता दें कि तीसरी लहर में इस आंकड़े को छूने में सिर्फ 23 दिन ही लगे हैं। दूसरी लहर में करीब 60 दिन लग गए थे।

केंद्र सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस महामारी के कारण कल 356 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। मरने वालों के आंकड़े रात ग्यारह बजे तक के हैं। इसे देखते हुए मंगलवार को मरने वालों की संख्या 356 के आंकड़े को पार करने की संभावना है। आपको बता दें कि हम जो आंकड़े बता रहे हैं उनमें पंजाब, झारखंड और त्रिपुरा के आंकड़े शामिल नहीं हैं।

भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश

वैश्विक स्तर की बात करें तो भारत अमेरिका के बाद दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित देश है। 17 जनवरी से अब तक देश ने 8.7 लाख से अधिक दैनिक मामलों की सूचना दी है। सबसे ज्यादा प्रभावित देशों के तुलनात्मक अंतरराष्ट्रीय डेटा से पता चलता है कि जनवरी में अर्जेंटीना भारत और अमेरिका के अलावा एकमात्र अन्य देश था, जहां एक लाख से अधिक दैनिक मामले दर्ज किए गए थे। मृत्यु के आंकड़ों से पता चलता है कि अब तक भारत में दैनिक मृत्यु दर अमेरिका, रूस, कनाडा, मेक्सिको और पोलैंड जैसे देशों की तुलना में कम है। अमेरिका को छोड़कर अन्य सभी के लिए दैनिक मामलों की संख्या भारत की तुलना में कम है।

महाराष्ट्र में सबसे अधिक मामले

राज्यों में महाराष्ट्र सूची में सबसे ऊपर है। उसके बाद कर्नाटक का नंबर आता है। दोनों ने बुधवार को 40,000 से अधिक मामलों की रिपोर्टिंग की है। केरल ने 30,000 से अधिक मामलों की सूचना दी और उसके बाद तमिलनाडु और गुजरात का स्थान है जहां दैनिक गिनती 20,000 से अधिक थी। छह राज्यों ने 10,000 से अधिक मामलों की सूचना दी है। सूची में उच्च से निम्न मामलों के क्रम में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश शामिल थे।