छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की तारीख नहीं बढ़ेगी आगे, आज ही खरीदी की अंतिम तिथि : रविंद्र चौबे

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। सूबे में धान खरीदी की अंतिम तारीख को लेकर बन रही असमंजस की स्थिति के बीच कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने साफ किया है कि धान खरीदी की तारीख आगे नहीं बढ़ेगी। शुक्रवार 29 जनवरी यानी आज ही धान खरीदी की अंतिम तारीख है। किसानों से अब तक 91 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है।

वहीं कृषि मंत्री ने मांग की है कि केंद्र सरकार 60 लाख मीट्रिक टन धान उठाव की अनुमति दें। केंद्र से अनुमति मिली तो अतिरिक्त धान खरीदने की भी बात कही। केंद्र से कृषि मंत्री ने धान से एथेनाल बनाने की अनुमति भी मांगी ही।

गौरतलब है कि धान खरीदी की अंतिम तारीख को लेकर किसान और समिति प्रबंधक असमंजस की स्थिति में थे। दरअसल धान खरीदी की अंतिम तारीख पहले 31 जनवरी थी। लेकिन शनिवार और रविवार धान खरीदी नहीं होती। अधिकांश केंद्रों में धान खरीदी आज से बंद हो गई है।

बीजेपी प्रदेश सरकार से धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग कर रही है। भाजपा का आरोप है कि पंजीयन कराने वाले हजारों किसानों ने धान नहीं बेचा है। इसी बीच कृषि मंत्री रविंद्र चौबे का बयान दिया है कि धान खरीदी की आखिरी तारीख आज ही माना जाए।

गरियाबंद में किसानों का पदर्शन

उधर गरियाबंद में धान खरीदी को लेकर किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीणों ने 45 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकालकर अपना विरोध जताया। नागबेल के 150 ग्रामीण पदयात्रा कर गरियाबंद कलेक्ट्रेट पहुंचे और धान नहीं बेच पाने का आरोप लगाया। पटवारी पर गिरदावरी में गलतियों का भी आरोप लगाया गया। कलेक्ट्रेट के सामने ही किसानों का प्रदर्शन जारी है।