नक्सल प्रभावित क्षेत्र की बेटी बनेगी DSP

Chhattisgarh Crimes

जगदलपुर। बस्तर के एक छोटे से गांव की रहने वाली नीतू ठाकुर ने बस्तर का मान बढ़ाया है। CG-PSC में 336वां रैंक हासिल किया है। अब वे जल्द ही DSP बनेंगी। खाकी वर्दी पहन और हाथों में हथियार थाम देश की सेवा करने मैदान में उतरेंगी। नीतू ने बताया कि बचपन से ही पुलिस अफसर बनने का सपना था। माता-पिता ने पढ़ाया और दूसरी बार में इस सफलता को हासिल किया है। रिजल्ट आने के बाद बधाई देने लोगों का घर में तांता लगना शुरू हो गया है।

नीतू के बस्तर जिले के गांव घोटिया की रहने वाली हैं। उसके मुताबिक पहली बार में जब परीक्षा दी तो सफल नहीं हो पाई तो काफी उदास हुई। कुछ गलतियां भी हुई थी। लेकिन, हिम्मत नहीं हारी। परिजनों ने हौसला बढ़ाया और खूब मेहनत की। साल 2021 में CG-PSC की परीक्षा में शामिल हुईं। दूसरी बार में मुकाम हासिल कर लिया।

नीतू का कहना है कि, उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव के ही सरकारी स्कूल में हुई। शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रही। स्कूल से निकलने के बाद बस्तर में ही कॉलेज की पढ़ाई की। फिर साल 2017 से CG-PSC की परीक्षा के लिए तैयारियां करनी शुरू कर दी। कई-कई घंटों तक पढ़ाई करती थी। ऐसा लगता था मानों किताबों से एक खास नाता हो गया था। पहली बार में जब सफलता नहीं मिली तो दूसरी बार में कठिन परिश्रम किया और सफलता को हासिल किया।

नीतू ने कहा कि, अब DSP बनूंगी। खाकी वर्दी पहनकर देश की सेवा करूंगी। नीतू का कहना है कि, जो लोग परीक्षा में सफल नहीं हो पाते वो हिम्मत न हारे। कठिन परिश्रम करें। एक दिन सफलता जरूर मिलेगी। नीतू की इस कामयाबी पर अब इलाके के लोग भी बेहद खुश हैं। गांव वालों का कहना है कि, हमारी बेटी ने सब का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।

पिता बोले- बेटियां नहीं किसी से कम

नीतू के पिता चंद्रभान सिंह ठाकुर ने कहा कि, बेटियां भी किसी से कम नहीं होती है। बस उन्हें मौका दीजिए वे लड़कों को पीछे छोड़ देंगी। चंद्रभान का कहना है कि, बेटी की इस कामयाबी से हमें बहुत खुशी मिली है। गांव के लोग समेत रिश्तेदार बधाई देने लगातार पहुंच रहे हैं।

Exit mobile version