बैंक कैशियर का मिला शव, नहाने के दौरान बह गया था नदी में

Chhattisgarh Crimes

सुकमा। जिले के कोंटा में शबरी नदी में नहाने के दौरान बह गए SBI में कैशियर रहे तिरुपति राव का शव दो दिन के बाद बुधवार को बरामद कर लिया गया। करीब 52 घंटों से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था। आज कोंटा से 10 किलोमीटर दूर आंध्रप्रदेश के चिंतुरु के पास मछुआरों ने शव को देख पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने बैंक कैशियर के शव को नदी से निकाला।

तिरुपति राव कोंटा के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में कैशियर थे। वे 21 नवंबर यानी कार्तिक मास के आखिरी सोमवार को शबरी नदी में नहाने गए थे। उन्हें नदी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाया था, और वे उसमें डूबने लगे। दूर खड़े दो युवकों ने इस घटना को देख अन्य लोगों को इसकी सूचना दी थी। स्थानीय लोगों ने नदी में नाव के सहारे कैशियर को ढूंढने की कोशिश की थी, लेकिन वे नहीं मिल पाए थे। इसके बाद तुरंत पुलिस-प्रशासन को खबर दी गई थी।

पुलिस-प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जो पिछले 52 घंटों से चल रहा था। रेस्क्यू ऑपरेशन में SDRF और NDRF की टीम को भी लगाया गया था। आंध्र प्रदेश से भी गोताखोरों की टीम को बुलाकर सर्चिंग कराई जा रही थी, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही थी। शव बहकर चिंतुरु पुलिया के पार चला गया था, लेकिन आंध्र प्रदेश के मछुआरों के जानकारी देने पर रेस्क्यू टीम को शव के दूर निकल जाने का पता चला। फिलहाल शव को निकाल लिया गया है और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।