दूर के दादा ने नाबालिग पोती से किया दुष्कर्म, 7 माह की गर्भवती हुई तो खुला मामला, गिरफ्तार

Chhattisgarh Crimes

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में एक दादा ने अपनी ही 16 साल की पोती से दुष्कर्म किया। पहली बार जबरदस्ती, फिर जान से मारने की धमकी देकर। इसके बाद अपने गांव लौट गया। लड़की भी डर कर चुप रही। जब लड़की 7 माह की गर्भवती हो गई तो मामला खुला। इसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे और आरोपी दादा के खिलाफ मामला दर्ज कराया। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, दावनबोड़ निवासी 58 साल का छेदूराम तुरकाने दूर के रिश्ते में लगने वाले अपने भांजे के घर जून 2021 में ग्राम गैतरा आया था। वहां भांजे की 16 साल की बेटी भी थी। लड़की ने पुलिस को बताया कि एक दिन जब घर में वह अकेली थी तो आरोपी छेदूराम ने उससे दुष्कर्म किया। इससे वह काफी डर गई। इसके बाद फिर एक दिन उसे जान से मारने की धमकी दी और दोबारा दुष्कर्म किया।

छेदूराम जब तक वहां रहा लड़की उससे दूरी बनाकर रखती। कुछ दिनों बाद आरोपी अपने गांव लौट गया। उसके जाने के बाद भी लड़की ने डर के चलते किसी को भी नहीं बताया। इस बीच उसमें शारीरिक बदलाव शुरू हो गए। पहले तो परिजनों ने ध्यान नहीं दिया। इसके बाद लड़की की मां ने ध्यान दिया तो उन्हें कुछ शंका हुई। डॉक्टर के पास लेकर गईं तो लड़की के 7 माह की गर्भवती होने का पता चला।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ तो वह भाग निकला। उसे तलाश कर रहे थे। इसी बीच दोपहर में उसके फिर गांव में देखे जाने की सूचना मिली। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ दुष्कर्म के साथ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।