इस खास वजह से शरीर पर उछलने लगती है पित्ती, ये हैं कारण, लक्षण और घरेलू उपचार

Chhattisgarh Crimes

कई लोग मौसम बदलने पर त्वचा में अचानक खुजली और फिर बाद में शरीर पर छोटे या बड़े लाल चकत्तों के उभर आने की शिकायत करते हैं। त्वचा से जुड़ी इस समस्या को पित्ती का उछलना, जिसे शीतपित्त भी कहा जाता है। इसमें रोगी का पूरा शरीर खुजली और जलन से लाल होने लगता है। हालांकि यह खुजली कुछ मिनट बाद अपने आप ठीक भी हो जाती है। यही वजह है कि लोग इसके इलाज के लिए डॉक्टर से संपर्क नहीं करते हैं और समस्या होने पर परेशान रहते हैं। आइए जानते हैं आखिर क्या है पित्ती, इसके लक्षण और ठीक करने के लिए अपनाए जाने वाले घरेलू उपचार।

क्या होता है पित्ती उछलना-
पित्ती उछलना त्वचा से संबंधित एक विकार है, जो मुख्य रूप से खून की अशुद्धता और कुछ विशेष हार्मोन की सक्रियता के कारण पैदा होता है। यह एक प्रकार का एलर्जिक रिएक्शन हैं, जिसे हाइव्स (Hives) या अर्टिकैरिया (Urticaria) के नाम से भी जाना जाता है। इससे पीड़ित रोगी को अचानक त्वचा पर तीव्र जलन और खुजली का अहसास होता है, जो बाद में छोटे या बड़े लाल चकत्तों के रूप में नजर आने लगता है। यूं तो इसका प्रभाव कुछ मिनट तक ही रहता है और बाद में अपने आप ठीक भी हो जाता है, लेकिन कुछ रोगियों में इसका प्रभाव लंबे समय तक बना रह सकता है। मुंह और गले पर पित्ती आने पर यह श्वास नली को बाधित कर सकता है। इसलिए, ऐसे मामलों में आपको बिना देर किए हुए अपने डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए

पित्ती होने के कारण-
-कुछ विशेष दवाओं का दुष्प्रभाव।
-फूलों के पराग कण।
-भावनात्मक तनाव।
-अधिक ठंड या धूप।
-अधिक पसीना आने की समस्या।
-बीमारी या प्रतिरोधक क्षमता से जुड़ी कोई समस्या।
-अधिक व्यायाम।
-पानी में अधिक समय तक रहने के कारण।

पित्ती उछलने के लक्षण-
-खुजली होना।
-त्वचा पर सूजन के साथ लाल चकत्तों का नजर आना।
-छोटे-छोटे चकत्तों का आपस में मिलकर एक बड़े उभार के रूप में त्वचा पर दिखना।
-इन चकत्तों का त्वचा पर आना और मिनटों में इसका गायब हो जाना।
-डर्मिटोग्राफिज्म, जिसमें हल्की-सी खरोंच लगने पर भी त्वचा में सूजन आ जाती है।
-पलकों और होंठों पर सूजन भी हो सकती है।

पित्ती के घरेलू उपाय-
अदरक:पित्ती उछलने पर आप अदरक का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो त्वचा की सूजन को कम करने में मदद करते हैं। इसके साथ ही, अदरक का सेवन करने से शरीर में जमा विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद मिलती है और खून साफ होता है। इसके लिए आप एक चम्मच ताजे अदरक के रस में दो चम्मच शहद मिलाएं और इसका सेवन करें। आप इस मिश्रण का सेवन दिन में 3 से 4 बार तक कर सकते हैं। इससे पित्ती की समस्या में जल्द आराम मिलेगा।

हल्दी: एक गिलास पानी में एक चम्मच हल्दी पाउडर मिलाकर दिन में दो बार पिएं। आप हल्दी का पेस्ट बनाकर भी त्वचा पर सीधे इस्तेमाल कर सकते हैं। इस प्रक्रिया को दिन में करीब दो बार दोहराएं।

अजवायन: पित्ती की समस्या से राहत पाने के लिए आप अजवायन का इस्तेमाल करें। इसमें एंटी-बैक्टीरियल और एंटीसेप्टिक गुण होते हैं। यह त्वचा पर बैक्टीरिया को पनपने से रोकता है, जिससे पित्ती में आराम मिलता है। 50 ग्राम अजवायन को दरदरा पीस लें और इसमें 50 ग्राम गुड़ मिलाकर 15 गोलियां बन लें। अब एक गोली सुबह-शाम पानी के साथ लें। इससे पित्ती में जल्द ही आराम मिलेगा।