दुर्ग के नगपुरा में स्व सहायता समूह की महिलाओं और बीसी के सदस्यों की जमा पूंजी में गड़बड़ी का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग के नगपुरा में स्व सहायता समूह की महिलाओं और बीसी के सदस्यों की जमा पूंजी में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। समूह की अध्यक्ष कीर्ति मांडले पर 25 सदस्यों के कुल 4 लाख 14 हजार 800 रुपए हड़पने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, अध्यक्ष ने महिलाओं से बचत और बीसी के नाम पर पैसे जमा कराए, लेकिन उन्हें बैंक खाते में जमा नहीं किया। आरोप है कि इन पैसों से स्कूटी, टीवी, फ्रिज और दूसरे घरेलू सामान खरीद लिए गए। शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने अध्यक्ष के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2022 में बनाया था महिला समूह

शिकायतकर्ता सजनी मांडले (30), निवासी नगपुरा ने पुलिस को बताया कि गांव की 12 महिलाओं ने 9 जून 2022 को ‘सपुरा माता सहायक सहायता समूह’ बनाया था। समूह का खाता छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की नगपुरा शाखा में खुलवाया गया था। सभी सदस्यों ने मिलकर कीर्ति मांडले को अध्यक्ष और सजनी मांडले को सचिव बनाया था। समूह की महिलाएं हर महीने बचत की रकम अध्यक्ष को देती थीं। सरकारी फंड के 1.50 लाख रुपए भी नहीं किए जमा

शिकायत के अनुसार, 30 नवंबर 2024 को समूह को सरकारी फंड से 1 लाख 50 हजार रुपए मिले थे। आरोप है कि अध्यक्ष ने यह रकम भी अपने पास रख ली। इसके अलावा जुलाई 2022 से सितंबर 2026 के बीच महिलाओं ने बचत के तौर पर कुल 62 हजार रुपए जमा किए थे। अध्यक्ष उन्हें भरोसा दिलाती थी कि पैसे बैंक खाते में जमा किए जा रहे हैं।

बीसी के 13 सदस्यों से भी जमा कराए 2 लाख रुपए

समूह की अध्यक्ष पर बीसी से जुड़े 13 सदस्यों के पैसे भी हड़पने का आरोप है। शिकायत के मुताबिक, सितंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच इन सदस्यों से अलग-अलग रकम जमा कराई गई थी। किसी ने 500 रुपए तो किसी ने 200 से 400 रुपए तक दिए। इस तरह कुल 2 लाख 2 हजार 800 रुपए जमा हुए थे। यह रकम दीपावली के दौरान सदस्यों को वापस बांटी जानी थी।

बैंक पहुंचीं तो पता चला, खाते में जमा ही नहीं हुए पैसे

दीपावली से पहले जब सदस्य अपनी रकम लेने अध्यक्ष के घर पहुंचे तो उन्हें बाद में पैसे देने की बात कहकर लौटा दिया गया। इसके बाद 18 नवंबर 2026 को सजनी मांडले बैंक पहुंचीं और खाते की जानकारी ली। आरोप है कि वहां पता चला कि जमा कराई गई रकम खाते में आई ही नहीं है। इसके बाद समूह की महिलाएं एक साथ अध्यक्ष के पास पहुंचीं और पैसों का हिसाब मांगा। शिकायत के मुताबिक, अध्यक्ष ने बताया कि रकम खर्च हो चुकी है और अब वह उसे वापस नहीं कर सकती। उसने कथित तौर पर यह भी बताया कि पैसों से स्कूटी, टीवी, फ्रिज और दूसरे घरेलू सामान खरीदे गए हैं।

शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस

इसके बाद सजनी मांडले ने पुलगांव थाने में लिखित शिकायत दी। इसमें सरकारी फंड के 1.50 लाख, समूह की बचत के 62 हजार और बीसी सदस्यों के 2 लाख 2 हजार 800 रुपए मिलाकर कुल 4 लाख 14 हजार 800 रुपए की गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद अध्यक्ष कीर्ति मांडले के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब बैंक खाते के लेनदेन, सरकारी फंड की निकासी और जमा रकम के इस्तेमाल की जांच कर रही है।