रायपुर के गोलबाजार थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 22 साल पुराने मामले में पुलिस ने एक स्थायी वारंटी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesरायपुर के गोलबाजार थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 22 साल पुराने मामले में पुलिस ने एक स्थायी वारंटी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2004 से फरार था। उसकी तलाश में पुलिस ने मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों में दबिश दी। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक, मामला अपराध क्रमांक 147/2004 और एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) से जुड़ा है। इसमें वारंटी झुरी उर्फ समारू उर्फ पहरु, पिता मंद लाल गौड़ यादव, निवासी ग्राम गोवा, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के खिलाफ न्यायालय ने स्थायी वारंट जारी किया था। यह वारंट पिछले 22 वर्षों से लंबित था।

मध्यप्रदेश के कई इलाकों में दी दबिश

लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए पुलिस उपायुक्त मध्य जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के पर्यवेक्षण में टीम को मध्यप्रदेश भेजा गया। टीम ने रीवा, शहडोल, ब्यौहारी, अनूपपुर और भालूमाड़ा में दबिश देकर आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद गोलबाजार पुलिस ने स्थायी वारंट की तामिली करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया।

दूसरा आरोपी गौरेला-पेंड्रा जेल में बंद

पुलिस को इसी मामले के एक अन्य आरोपी के बारे में भी जानकारी मिली है। वह किसी दूसरे मामले में गौरेला-पेंड्रा जेल में बंद है। पुलिस अब उसके खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी कराने की कार्रवाई कर रही है, ताकि उसे भी इस पुराने मामले में कोर्ट में पेश किया जा सके।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक, फरार वारंटियों की तलाश और लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।