करंट वाली बाड़ में फंसी बकरी, बचाने गए चरवाहे की भी हो गई मौत

Chhattisgarh Crimes

बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम लावर में चरवाहे की बकरी खेत के बाड़ में फंस गई। बाड़ में करंट प्रवाहित होने के कारण बकरी को बचाने गया चरवाहा भी चपेट में आ गया। इससे बकरी और चरवाहे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। साथ ही हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम लावर में रहने वाले शिवनाथ केंवट बकरी पालन करते थे। अपनी बकरियों को वे खुद ही चराने के लिए जाते थे। रविवार को वे अपनी बकरियों को लेकर गांव के कदमाही खार में चराने के लिए गए थे। दोपहर करीब तीन बजे बकरयों को लेकर वे घर आ रहे थे। रास्ते में गेंहू के खेत के बाड़े में उनकी एक बकरी फंस गई। बाड़ में करंट प्रवाहित होने के कारण बकरी छटपटाने लगी। इसे देख चरवाहा अपनी बकरी को बचाने के लिए गया। उन्हें करंट की जानकारी नहीं थी। इसके कारण वे भी करंट की चपेट में आ गए। हादसे में बकरी और चरवाहे की मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है।

स्वजन ने की मुआवजे की मांग

खेत की सुरक्षा के लिए लगाए बाड़ में किसान ने करंट लगा दिया था। किसान की लापरवाही के कारण चरवाहे की जान चली गई। इसकी जानकारी होने पर स्वजन ने मौके पर हंगामा किया। साथ ही किसान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इधर पुलिस ने राजस्व विभाग से खेत मालिक की जानकारी मांगी है। राजस्व विभाग और बिजली विभाग से जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम आगे की कार्रवाई करेगी।