‘नानक सागर’ गांव में 517 साल पहले आए थे गुरु नानक, वहां आज तक कोई एफआईआर नहीं

Chhattisgarh Crimes

महासमुंद. नानक सागर गांव के सारे घर गुलाबी रंग के हैं। ऐसा करने के पीछे यह बताना है कि इस गांव में ऊंच-नीच का कोई भेद नहीं है। सारे लोग एक समान हैं। इस गांव को गुलाबी ग्राम के नाम से ही जाना जाता है। यहां रोज सफाई भी होती है।

महासमुंद जिले में बसना से 8 किलोमीटर दूर जंगल और पहाड़ियों के बीच ‘नानक सागर’ गांव ने अपने गौरवशाली अतीत को सहेजकर अपने वर्तमान को भी गरिमामयी बना रखा है। इस गांव में 517 साल पहले सिखों के पहले गुरु नानक देव के चरण पड़े थे, इसलिए इसका अतीत दमकता है।

वर्तमान इसलिए गरिमामयी है क्योंकि सबसे पहले, यहां के हर मकान की दीवार गुलाबी है। हर गली में बगीचे हैं, पूरे गांव में कचरा खोजने से नहीं मिलता। गांव में ऐसा भाइचारा है कि कोई किसी के खिलाफ कभी थाना-कचहरी नहीं गया। लोकल थाने बसना में आज तक इस इलाके से एक भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। 2001 में आश्रित ग्राम से स्वतंत्र ग्राम पंचायत बनने के बाद अब तक यहां 4 पंचायत चुनाव हुए। आपसी मतभेद न हो इसलिए गांव के लोगों ने साथ बैठकर अपने बीच से किसी एक को मुखिया चुन लिया। मतदान की जरूरत कभी नहीं पड़ी।

नानक सागर गांव के सारे घर गुलाबी रंग के हैं। ऐसा करने के पीछे यह बताना है कि इस गांव में ऊंच-नीच का कोई भेद नहीं है। सारे लोग एक समान हैं। इस गांव को गुलाबी ग्राम के नाम से ही जाना जाता है। यहां रोज सफाई भी होती है। ‘अतिथि देवो भव’ की परंपरा नानक सागर की संस्कृति है। यहां की महिलाएं मेहमानों के स्वागत में हुलहुली करती हैं, जिसे प्रायः भगवान की स्तुति या मांगलिक कार्यों के दौरान करने का विधान है। जानकारों के मुताबिक गुरुनानक देव पहली यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ आए थे, तब उन्होंने 2 दिन गढ़फुलझर में रानी सरोवर के पास निर्जन स्थान में बिताए थे। इसी दौरान वे रानी सागर भी गए थे, जिसे आज ‘नानक सागर’ के नाम से जाना जाता है।

आस्था; जिस जगह गुरु ने विश्राम किया था, वहीं सारे विवादों का हल

गांव के आखिरी छोर पर बने चबूतरे को नानक चौकी कहते हैं। माना जाता है कि गढ़फुलझर प्रवास के दौरान गुरुनानक इस गांव भी आए थे और विश्राम के लिए रुके। उसी जगह पर ग्रामीणों ने चबूतरा बनवाया है। इस पर लोगों की इतनी गहरी आस्था है कि पंच-सरपंच चुनने से लेकर गांव-घर के सभी विवादों का निपटारा इसी चबूतरे पर होता है। कुछ महीने पहले यहां जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसकी शिकायत थाने तक पहुंची, लेकिन केस दर्ज होता उससे पहले ही चबूतरे पर बैठक हुई और मामला सुलझ गया। हर तीज-त्योहार पर पूरा गांव यहीं जुटता है और साथ में खुशियां मनाता है।

तीर्थ स्थल बनाएंंगे

गढ़फुलझर ऐतिहासिक महत्व की जगह है। यहां हर जगह गुरु की निशानियां मिलती हैं। इसे प्रदेश में सिख समाज के बड़े तीर्थ केे रूप में विकसित करेंगे।

-महेंद्र छाबड़ा, संयोजक-छत्तीसगढ़ सिख समाज

Exit mobile version