हाथरस। यूपी के हाथरस में गैंगरेप की शिकार लड़की की सफदरजंग हॉस्पिटल में मौत हो गई है। पीड़िता पिछले दो हफ्ते से अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती थी। वहां हालत में कोई सुधार नहीं होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। हैवानियत की यह वारदात 14 सितम्बर को हुई थी।
आरोप है कि हाथरस के थाना चंदपा क्षेत्र के एक गांव के चार दबंग लड़कों ने 19 साल की लड़की के साथ गैंगरेप करने के बाद उसकी जीभ भी काट दी थी। लड़की के साथ वे बेहद दरिंदगी और क्रूरता के साथ पेश आए थे। खेत में गैंगरेप के बाद उसकी रीढ़ की हड्रडी भी तोड़ दी थी। घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को 14 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया था। मामले को लेकर सियासत शुरू होने के बाद पुलिस ने एक-एक कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चौथे आरोपी को तो पुलिस ने शनिवार को ही गिरफ्तार किया है। शनिवार को ही कोतवाली इंचार्ज को लाइन हाजिर भी किया गया।
कई राजनीतिक दलों के लोगों अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचकर पीड़िता से मिलने के साथ जमकर हंगामा भी किया था। भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर रावण ने रविवार को अलीगढ़ में भर्ती युवती से मिलने आने व बाद में गांव आने की घोषणा की। रविवार को ही बसपा प्रमुख मायावती ने भी ट्वीट किया। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार की बात कही। इस घटना को शर्मनाक बताया। यूपी सरकार से जांच की मांग की।
इस पर हाथरस पुलिस ने मायावती को जवाब दिया। अब तक कोई कार्रवाई का ब्योरा भी बताया। जानकारी दी कि एससीएसटी एक्ट के तहत मुआवजे के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट दे दी है। फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने के लिए कार्यवाही की जाएगी। पुलिस क्षेत्राधिकारी को जल्द से संकलित कर विवेचना पूर्ण करने को कहा गया है। यहां यह भी काबिलेगौर है कि सफाई कर्मचारी आयोग की सदस्य मंजू दिलेर, हाथरस सांसद राजवीर दिलेर भी गांव का दौरा कर चुके हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू ने भी एक पूर्व मंत्री की अगुवाई में यहां प्रतिनिधिमंडल भेजा था।