छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लू का अलर्ट : 45 डिग्री के साथ सक्ती रहा सबसे गर्म

Chhattisgarh Crimes

रायपुर. छत्तीसगढ़ में गर्मी के तीखे तेवर देखने को मिल रहे हैं। गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं। दोपहर की चिलचिलाती धूप में घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। रविवार को 45 डिग्री तापमान के साथ सक्ती जिला सबसे गर्म रहा। प्रदेश के मध्य क्षेत्र में भी यही स्थिति है। जिसमें महासमुंद, जांजगीर, रायगढ़, मुंगेली, बलौदाबाजार, बालोद, राजनांदगांव, बिलासपुर का तापमान सबसे ज्यादा है। अप्रैल और मई की शुरुआत में भले ही गर्मी से राहत मिली हो लेकिन उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं ने अब लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान बढ़ गया है और लू जैसे हालात हैं।

प्रदेश के सबसे गर्म जिले

प्रदेश में सक्ती जिले के बाद सबसे गर्म महासमुंद जिला रहा यहां तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद जांजगीर-चांपा जिला गर्म रहा। यहां तापमान 44.4 डिग्री रहा। इसी तरह रायगढ़ में 44.3 डिग्री, सारंगढ़ में 44 डिग्री तापमान दर्ज किय गया। कोरबा में 42.3 और बिलासपुर में तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दुर्ग जिले में 44.3 जबकि रायपुर जिले में तापमान 43.1 डिग्री रहा। कबीरधाम में 38.6 डिग्री और राजनांदगांव में 42.1 डिग्री टेंपरेचर रहा।

आने वाले दिनों में और बढ़ेगा तापमान

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान और ज्यादा बढ़ने के आसार हैं। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान और हीट वेव बिलासपुर संभाग में चली सकती है। इसलिए यहां ज्यादा अलर्ट रहने की हिदायत दी गई है। इससे लगे रायपुर और दुर्ग संभाग में भी आने वाले दिनों में तेज गर्मी पड़ सकती है ।

गर्मी से बचने के लिए विशेषज्ञ पर्याप्त पानी पीने, पेय पदार्थों का सेवन करने, हल्के रंग के ढीले सूती के कपड़े पहनने और तेज गर्मी में दोपहर के वक्त घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है। जरूरी काम से अगर बाहर निकलना भी पड़ रहा है तब शरीर ढकने और गर्मी से बचाव के इंतजाम के साथ ही बाहर निकलने को कहा जा रहा है।

Exit mobile version