
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निजी सचिव पी. दयानंद को बनाया गया है। दयानंद भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। उन्हें चिकित्सा शिक्षा सेवा विभाग का अतिरिक्त सचिव की भी जिम्मेदारी दी गई है। इनके अलावा राज्य प्रशासनिक सेवा के डॉ. सुभाष सिंह राज सहित 3 अफसरों को OSD नियुक्त किया गया है।
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद यह पहली नियुक्तियां हैं। इसे लेकर मंगलवार को सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। चर्चा है कि अब मंत्रालय से लेकर प्रदेश के बड़े तमाम विभागीय अमलो में अधिकारियों की नियुक्ति जल्द की जाएगी और ट्रांसफर-पोस्टिंग का दौर शुरू होगा।
शासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मुख्यमंत्री कार्यालय में पदस्थ अपर मुख्य सचिव IAS सुब्रत साहू, IAS परदेशी सिद्धार्थ कोमन, IAS अंकित आनंद और IAS सोलई भारती दासन को प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। हालांकि इन अफसरों के पास पहले की तरह बाकी विभागों की जिम्मेदारी रहेगी।