हैदराबाद के निगम चुनाव में TRS ने 55, भाजपा ने 48 और ओवैसी की पार्टी ने 44 सीटें जीतीं

Chhattisgarh Crimes

हैदराबाद। हैदराबाद नगर निगम के चुनाव में तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) ने सबसे ज्यादा 55 सीटें हासिल की हैं। लेकिन सबसे ज्यादा फायदे में भाजपा रही। उसे 48 सीटें मिल चुकी हैं और एक पर वह आगे चल रही है। भाजपा ने यहां असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM को तीसरे नंबर पर धकेल दिया है। AIMIM को 44 सीटें मिली हैं। कांग्रेस सिर्फ 2 सीटें जीत पाई। चुनाव में कोई भी पार्टी बहुमत लायक सीट नहीं जीत पाई।

शुक्रवार सुबह 8 बजे 150 सीटों के शुरुआती रुझानों में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी नजर आ रही थी। उसे 79 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही थी। वहीं, पिछला चुनाव जीतने वाली TRS 35 पर सिमटती दिखी। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे खेल पलट गया। TRS ने यहां बढ़त बना ली। यह बढ़त आखिर तक बनी रही।

हालांकि भाजपा के उभार से सबसे ज्यादा नुकसान TRS को ही हुआ है। पार्टी को पिछले चुनाव में 99 सीटें मिली थीं। इस बार वह 60 सीटें भी नहीं जीत पाई। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि तेलंगाना के लोगों ने पीएम मोदी पर भरोसा जताया है।

ओवैसी ने कहा कि जहां भी योगी-शाह आए वहां हमें जीत मिली। हमारे घर में बीजेपी की पोजिशन देख लीजिए। पांच साल पहले भी हम बेहतर थे। इस बार भी बेहतर हैं। निजामाबाद में इलेक्शन हुआ। वहां बीजेपी के एमपी हैं। वहां बीजेपी को 16 सीट ही मिलीं। ये सब इलेक्शन के नतीजे हैं। महाराष्ट्र में अवाम का फैसला आया है। 51 पर लड़े। 43 पर जीते। 80 पर लड़ते तो क्या होता।

TRS के कमजोर प्रदर्शन पर ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी पर बोलने का मेरा अधिकार नहीं है। फिर भी मुझे यकीन है कि वे लोग देखेंगे कि क्या सही करना चाहिए। कितना अच्छा करना चाहिए।